सक्ती

आईटीआई जैजैपुर में 28 मई को लगेगा रोजगार मेला, 285 पदों पर होगी भर्ती

जिले के युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार का मिलेगा अवसर, 10वीं, 12वीं एवं आईटीआई पास अभ्यर्थी हो सकेंगे शामिल

सक्ती – जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केन्द्र, जांजगीर-चांपा द्वारा सक्ती जिले के युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 28 मई 2026, गुरुवार को आईटीआई जैजैपुर में एक दिवसीय रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। प्लेसमेंट कैंप का आयोजन प्रातः 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक किया जाएगा। रोजगार मेले में निजी क्षेत्र की तीन प्रतिष्ठित कंपनियां शामिल होंगी, जिनमें वेदांता स्किल स्कूल बालको कोरबा, स्वतंत्र माइक्रो फाइनेंस तथा बॉम्बे इंटीग्रेटेड सिक्योरिटी इंडिया लिमिटेड रायपुर शामिल हैं। मेले के माध्यम से कुल 285 पदों पर भर्ती की जाएगी। वेदांता स्किल स्कूल बालको द्वारा फिटर, इलेक्ट्रीशियन, होटल मैनेजमेंट, वेल्डर, मोबाइल रिपेयरिंग टेक्निशियन एवं सिलाई मशीन ऑपरेटर के 30-30 पदों पर भर्ती की जाएगी। वहीं स्वतंत्र माइक्रो फाइनेंस द्वारा फील्ड ऑफिसर के 30 एवं कलेक्शन ऑफिसर के 5 पदों पर भर्ती की जाएगी। इसके अलावा बॉम्बे इंटीग्रेटेड सिक्योरिटी इंडिया लिमिटेड रायपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड के 100 पदों पर नियुक्ति की जाएगी। उक्त पदों के लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 10वीं, 12वीं एवं आईटीआई निर्धारित की गई है। अभ्यर्थियों की आयु सीमा 18 से 45 वर्ष तय की गई है। चयनित उम्मीदवारों को 10 हजार से 18 हजार रुपये तक का वेतनमान दिया जाएगा तथा कार्यक्षेत्र छत्तीसगढ़ राज्य रहेगा। रोजगार मेले में शामिल होने के इच्छुक युवाओं को अपने समस्त शैक्षणिक प्रमाण पत्रों की छायाप्रति एवं जिला रोजगार कार्यालय का रोजगार पंजीयन कार्ड साथ लाना अनिवार्य होगा। निर्धारित तिथि पर उपस्थित होकर अभ्यर्थी प्लेसमेंट कैंप का लाभ ले सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय जांजगीर-चांपा से संपर्क किया जा सकता है।