घर के सामने झगड़ा करने से मना करने पर ग्रामीण से मारपीट

बीच-बचाव करने आए युवक को भी पीटा
सक्ती – सक्ती थाना क्षेत्र के ग्राम बेलाचुंआ में घर के सामने आग तापते हुए आपस में झगड़ा कर रहे युवकों को शांत कराना एक ग्रामीण को महंगा पड़ गया। मना करने पर आरोपियों ने ग्रामीण और बीच-बचाव करने आए एक अन्य व्यक्ति के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
क्या है पूरा मामला?
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम बेलाचुंआ निवासी रामाधार मांझी (40 वर्ष) खेती-किसानी और मजदूरी का काम करते हैं। 25 नवंबर 2026 की रात वे अपने घर के अंदर थे। इसी दौरान उनके घर के सामने गली में गांव के ही प्रमोद सिदार, दीपक सिदार और कुछ अन्य लोग आग ताप रहे थे। आग तापने के दौरान उनके बीच किसी बात को लेकर आपसी विवाद और झगड़ा शुरू हो गया।
शोर-शराबा सुनकर रामाधार मांझी घर से बाहर निकले और उन्होंने आरोपियों को अपने घर के सामने लड़ाई-झगड़ा करने से मना किया। इस बात से नाराज होकर प्रमोद सिदार और दीपक सिदार भड़क गए और “हमें मना करने वाले तुम कौन होते हो” कहते हुए अश्लील गालियां देने लगे।
बीच-बचाव करने वाले को भी आई चोट
आरोपियों ने जान से मारने की धमकी देते हुए रामाधार मांझी के साथ हाथ-मुक्कों और लात से मारपीट शुरू कर दी, जिससे उनके सिर और बाएं हाथ में चोट आई है। मारपीट होते देख रामनारायण मांझी बीच-बचाव करने पहुंचे, तो आरोपियों ने उनके साथ भी गाली-गलौज करते हुए हाथ-मुक्कों से मारपीट की। इस हमले में रामनारायण के ऊपरी होंठ और बाएं हाथ में चोट लगी है। मौके पर मौजूद गुडिया मांझी, संजना मांझी और भागवत जायसवाल ने घटना को देखा और किसी तरह बीच-बचाव कर मामला शांत कराया।
पुलिस की कार्रवाई
घटना के बाद पीड़ित रामाधार मांझी ने सक्ती थाने पहुंचकर मामले की मौखिक शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी प्रमोद सिदार (22 वर्ष) और दीपक सिदार (25 वर्ष) के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 115(2), 296, 351(3) और 3(5) के तहत एफआईआर दर्ज कर मामले को विवेचना में लिया है।
