इलाज कराने रायपुर गई बुजुर्ग महिला के सूने घर से 7 लाख के सोने के जेवर पार, पुलिस ने दर्ज किया मामला

सक्ती – मालखरौदा थाना क्षेत्र के ग्राम बंदोरा में एक बुजुर्ग महिला के घर से अज्ञात चोरों ने करीब 7 लाख रुपये कीमत के सोने के आभूषणों पर हाथ साफ कर दिया। चौकी अडभार से प्राप्त बिना नंबरी नालसी के आधार पर मालखरौदा पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 305(a) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
क्या है पूरा मामला?
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम बंदोरा निवासी 80 वर्षीय श्रीमती सत्यवती पटेल अपने सेवानिवृत्त प्राचार्य पति खोबराम पटेल के साथ रहती हैं। दोनों पति-पत्नी का स्वास्थ्य अक्सर खराब रहता है। बीते 26 अगस्त 2026 को सत्यवती पटेल अपना इलाज कराने के लिए रायपुर गई थीं।
जाने से पहले उन्होंने सुरक्षा की दृष्टि से घर की अलमारी से अपने जेवर निकाले और उन्हें एक कपड़े के थैले में रूई के बीच रखकर शयन कक्ष में स्थित गणेश जी की मूर्ति के दराज में छिपा दिया था। 30 अगस्त को वे इलाज कराकर वापस घर लौटीं।
दीपावली के समय खुला चोरी का राज
घटना का खुलासा तब हुआ जब दीपावली के समय (10 नवंबर 2026 को) पीड़िता ने दराज में रखे उस थैले को खोलकर देखा। थैले में रखा सोने का कंगन तो सुरक्षित था, लेकिन बाकी जेवर गायब थे। घर में काफी तलाश करने और घर में काम करने वाली दो महिलाओं से पूछताछ करने के बाद भी जब जेवरों का कोई सुराग नहीं लगा, तो उन्होंने अपने बच्चों को इसकी जानकारी दी। बच्चों की सलाह पर 25 नवंबर को पुलिस चौकी अडभार में रिपोर्ट दर्ज कराई गई।
चोरी गए जेवरों का विवरण (कुल कीमत: 7,00,000 रुपये):
• एक सोने की चेन (वजन 16 ग्राम)
• एक सोने की चेन (वजन 24 ग्राम)
• एक पुराना सोने का धान माला (वजन 30 ग्राम)
फिलहाल, पुलिस ने अज्ञात चोर के विरुद्ध प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया है और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है।
