सक्ती

शराब पीने से मना करने पर छात्र के साथ मारपीट, चार युवकों के खिलाफ मामला दर्ज

सक्ती –  जिले के बाराद्वार थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम ठठारी में शराब और सिगरेट पीने से मना करने पर चार युवकों द्वारा एक कॉलेज छात्र के साथ गाली-गलौज और मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर चारों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
क्या है पूरा मामला?
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम ठठारी निवासी अभिजीत सोनवानी (पिता ब्रजमोहन सतनामी), जो कि स्नातक का छात्र है, बुधवार 25 नवंबर 2026 की शाम अपने घर के सामने स्थित जैतखाम के गेट के पास बैठा था। इसी दौरान वहां गांव के ही कुछ युवक बैठकर शराब पी रहे थे।
नजदीक जाने पर अभिजीत ने देखा कि गांव के ही अश्वनी लहरे (22 वर्ष), रवि महिलांगे (25 वर्ष), दिलशान लहरे (18 वर्ष) और ख्वाहिश लहरे (18 वर्ष) वहां शराब और सिगरेट पी रहे थे। जब अभिजीत ने उन्हें वहां शराब और सिगरेट पीने से मना किया, तो चारों युवक भड़क गए।
गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी
आरोपियों ने छात्र को अश्लील गालियां देते हुए जान से मारने की धमकी दी और चारों ने मिलकर हाथ-मुक्कों से उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। मारपीट के दौरान छात्र के दाहिने गाल और गले के दाहिने हिस्से में चोट आई है, वहीं बाल पकड़कर खींचने से उसके सिर में भी दर्द है।
घटना के वक्त मौके पर मौजूद छात्र के दोस्त मनीष बंजारे ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया। इसके बाद पीड़ित ने घटना की जानकारी बसंत टंडन को दी और बाराद्वार थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई।
पुलिस की कार्रवाई
बाराद्वार पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए रात चारों आरोपियों—अश्वनी लहरे, रवि महिलांगे, दिलशान लहरे और ख्वाहिश लहरे के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 की धारा 115(2), 296, 3(5) और 351 के तहत प्राथमिकी (FIR नं. 0437) दर्ज कर ली है। मामले की विवेचना प्रधान आरक्षक राम नारायण राठौर द्वारा की जा रही है।