सक्ती

बाल विवाह एक सामाजिक अभिशाप, इसे रोकने के लिए समाज की सहभागिता जरूरी : कलेक्टर जयश्री जैन

कलेक्टर ने की ‘बाल विवाह मुक्त सक्ती’ बनाने की अपील, 27 नवंबर को जिले भर में चलेगा विशेष जागरूकता अभियान

बाल विवाह एक सामाजिक अभिशाप, इसे रोकने के लिए समाज की सहभागिता जरूरी : कलेक्टर जयश्री जैन kshititech

सक्ती –  बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति को जड़ से समाप्त करने और आमजन में जागरूकता लाने के उद्देश्य से देशव्यापी अभियान के तहत सक्ती जिला प्रशासन भी पूरी तरह सक्रिय हो गया है। जिले में जन-जागरूकता कार्यक्रमों और सोशल मीडिया के माध्यम से लोगों को इस कुप्रथा के दुष्परिणामों के प्रति सचेत किया जा रहा है। इसी कड़ी में सक्ती जिले की कलेक्टर श्रीमती जयश्री जैन ने एक वीडियो संदेश जारी कर समस्त जिलेवासियों से सक्ती को ‘बाल विवाह मुक्त जिला’ बनाने की दिशा में सक्रिय सहभागिता निभाने की अपील की है।
27 नवंबर को जिले भर में होंगे जागरूकता कार्यक्रम
कलेक्टर श्रीमती जैन ने अपने संदेश में जानकारी दी कि आगामी 27 नवंबर को पूरे जिले में एक महा-अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत जिले की समस्त ग्राम सभाओं, स्कूलों और महाविद्यालयों में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि ग्रामीण स्तर से लेकर युवाओं और विद्यार्थियों तक बाल विवाह के खिलाफ सीधा संदेश पहुंचाया जा सके।
बच्चों के भविष्य और स्वास्थ्य पर पड़ता है विपरीत असर
कलेक्टर ने कहा कि बाल विवाह एक गंभीर सामाजिक अभिशाप है, जो सीधे तौर पर बच्चों की शिक्षा, उनके शारीरिक व मानसिक स्वास्थ्य तथा उनके सुरक्षित बचपन को बुरी तरह प्रभावित करता है। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि इस कुप्रथा की रोकथाम केवल प्रशासन के प्रयासों से संभव नहीं है, बल्कि इसके लिए परिवार, समाज और जिले के प्रत्येक नागरिक को मिलकर अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी।
अंत में कलेक्टर ने जिले के सभी नागरिकों, जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों से आह्वान किया कि वे आगे आएं और मिलकर एक स्वस्थ, शिक्षित व ‘बाल विवाह मुक्त सक्ती’ के निर्माण में अपना महत्वपूर्ण योगदान दें।