सक्ती

सूने मकान का ताला तोड़कर पीएम आवास की किस्त और जेवरात ले उड़े चोर, गांव के ही दो युवकों पर मामला दर्ज

सक्ती –  डभरा थाना क्षेत्र के ग्राम बोहारडीह में एक महिला मजदूर के सूने मकान से पीएम आवास की राशि और सोने-चांदी के जेवरात चोरी होने का मामला सामने आया है। इस घटना में कुल 50,000 रुपये के माल की चोरी हुई है, जिसकी रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
क्या है पूरा मामला?
ग्राम बोहारडीह निवासी माला बाई चौहान (47 वर्ष), जो कि रोजी-मजदूरी का काम करती हैं, ने डभरा थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। रिपोर्ट के अनुसार, घटना बीते 2 नवंबर (सोमवार) की है। माला बाई सुबह अपने घर में ताला लगाकर डभरा मजदूरी करने गई थीं और उनकी मां धीरज बाई (65 वर्ष) किसी कार्यक्रम में शामिल होने खरसिया गई हुई थीं।
शाम जब माला बाई काम से वापस घर लौटीं, तो उन्होंने देखा कि घर के अंदर रखी टीन की पेटी की कुंडी टूटी हुई है। जांच करने पर पता चला कि पेटी में रखे प्रधानमंत्री आवास योजना की पहली किस्त के 30,000 रुपये नकद, दो सोने के माला (पीपल पत्ता नमूने वाले) और एक जोड़ी पुरानी चांदी की पायल गायब हैं। अज्ञात चोरों ने नवनिर्मित मकान की दीवार फांदकर घर में प्रवेश किया था।
गांव के ही दो युवकों पर चोरी का आरोप
प्रार्थिया अपने स्तर पर चोरी गए सामान की पतासाजी कर रही थीं। 25 नवंबर को गांव में ही जानकारी मिली कि इस चोरी की वारदात को गांव के ही दो युवकों—सागर चौहान (पिता गोरे लाल चौहान) और सुनील चौहान (पिता अजम्बर चौहान) ने अंजाम दिया है। पूछताछ करने पर दोनों ने चोरी करना स्वीकार भी किया।
पुलिस की कार्रवाई
पीड़िता की लिखित शिकायत पर डभरा पुलिस ने 25 नवंबर की शाम को दोनों नामजद आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 3(5), 305(a) और 331(3) के तहत अपराध दर्ज कर लिया है। मामले की विवेचना सहायक उप निरीक्षक दिलीप खलखो द्वारा की जा रही है।