डभरा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: सूने घर से पीएम आवास की राशि और जेवरात चुराने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, एक नाबालिग भी पकड़ा गया


सक्ती – थाना डभरा पुलिस ने सूने मकान में घुसकर सोने-चांदी के जेवरात और नकदी पार करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है, जबकि एक विधि से संघर्षरत बालक (नाबालिग) को भी पकड़ा गया है।
यह है पूरा मामला
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम बोहारडीह निवासी प्रार्थिया मालाबाई चौहान (47 वर्ष) ने 25 नवंबर 2026 को थाने में चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 2 नवंबर 2026 की सुबह करीब 7 बजे वह घर में ताला लगाकर मजदूरी करने डभरा गई थीं और उनकी मां धीरज बाई दशकर्म कार्यक्रम में शामिल होने खरसिया गई हुई थीं। शाम करीब 6 बजे जब वह मजदूरी कर घर लौटीं, तो अंदर रखी टीन की पेटी का कुंडा टूटा हुआ मिला। पेटी की जांच करने पर उसमें रखे दो सोने के माले (एक में 9 फल और दूसरे में 7 फल), एक जोड़ी चांदी की पायल और प्रधानमंत्री आवास योजना की पहली किस्त के 30 हजार रुपये नकद गायब थे। अज्ञात चोरों ने घर के पीछे की दीवार फांदकर इस वारदात को अंजाम दिया था।
मुखबिर की सूचना और पूछताछ में खुला राज
प्रार्थिया की रिपोर्ट पर डभरा पुलिस ने अपराध क्रमांक 469/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 331(3), 305(ए), 238(ए) और 3(5) के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान पुलिस ने संदेह के आधार पर बोहारडीह निवासी सागर चौहान और एक नाबालिग को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की। मेमोरेंडम कथन में दोनों ने स्वीकार किया कि गांव के ही नोबेल चौहान द्वारा घर सूना होने की सूचना दिए जाने के बाद उन्होंने चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी की गई चांदी की पायल बरामद कर ली है। इसके बाद पुलिस ने मुख्य सूत्रधार नोबेल चौहान को भी हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
आरोपियों को भेजा गया जेल
पुलिस ने 26 नवंबर 2026 को आरोपी सागर चौहान (18 वर्ष) पिता गोरेलाल चौहान और नोबेल चौहान (26 वर्ष) पिता सोहनलाल चौहान (दोनों निवासी बोहारडीह, थाना डभरा) को विधिवत गिरफ्तार कर लिया। मामला अजमानतीय होने के कारण दोनों आरोपियों को माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। वहीं, पकड़े गए विधि से संघर्षरत बालक का सामाजिक पृष्ठभूमि फॉर्म भरकर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
