चांपा (सोंठी) के भारतीय कुष्ठ निवारक संघ आश्रम में कल से श्रीमद् भागवत सप्ताह यज्ञ; भव्य कलश यात्रा के साथ होगा शुभारंभ


सक्ती – भारतीय कुष्ठ निवारक संघ, सोंठी (कात्रे नगर) स्थित आश्रम में आगामी 27 नवंबर, शुक्रवार से विशाल श्रीमद् भागवत सप्ताह ज्ञान यज्ञ का शुभारंभ होने जा रहा है। यह पावन आयोजन आश्रम में विगत 63 वर्षों से स्वास्थ्य, चिकित्सा, आवास एवं भोजन सेवा प्राप्त कर रहे कुष्ठ पीड़ितों की आरोग्यता तथा आश्रम के दिवंगत सदस्यों की सद्गति एवं मोक्ष की कामना के पवित्र संकल्प के साथ किया जा रहा है।
इस सात दिवसीय कथा में छत्तीसगढ़ के सुप्रसिद्ध कथावाचक आचार्य राजेंद्र जी महाराज अपने श्रीमुख से कथा का रसपान कराएंगे, वहीं आचार्य देव कृष्ण जी के मधुर स्वरों में संकीर्तन एवं भजनों की प्रस्तुति होगी।
आयोजन का दिवसवार कार्यक्रम:
• प्रथम दिवस (27 नवंबर, शुक्रवार): दोपहर 2:00 बजे भव्य कलश यात्रा निकाली जाएगी। इसके पश्चात सायं 5:00 बजे भागवत कथा महात्म्य का श्रवण कराया जाएगा।
• द्वितीय दिवस (28 नवंबर, शनिवार): भगवान के विविध अवतार, महाभारत प्रसंग एवं ध्रुव चरित्र की कथा।
• तृतीय दिवस (29 नवंबर, रविवार): कपिल-देवहुती सत्संग, सती चरित्र एवं भक्त प्रहलाद की कथा।
• चतुर्थ दिवस (30 नवंबर, सोमवार): महारुद्राभिषेक के साथ भारत भूमि महिमा, वामन अवतार, श्रीराम चरित्र, श्रीकृष्ण जन्मोत्सव एवं नंदोत्सव।
• पंचम दिवस (1 दिसंबर, मंगलवार): श्रीकृष्ण की बाल लीलाएं, प्रकृति संरक्षण का संदेश, गोवर्धन पूजा एवं महारास।
• षष्ठम दिवस (2 दिसंबर, बुधवार): गोपी-उद्धव संवाद एवं श्रीकृष्ण-रुक्मणी विवाह उत्सव।
• सप्तम दिवस (3 दिसंबर, गुरुवार): सुदामा चरित्र, कलियुग के लक्षण, भागवत धर्म एवं राजा परीक्षित की सद्गति।
• अंतिम दिवस (4 दिसंबर, शुक्रवार): समरसता यज्ञ, हवन पूर्णाहुति एवं विशाल महाप्रसाद भंडारे के साथ आयोजन का समापन होगा।
सामाजिक सरोकार और सेवा का संकल्प:
इस धार्मिक अनुष्ठान का मुख्य उद्देश्य जन-जन को भारतीय कुष्ठ निवारक संघ द्वारा विभिन्न ग्रामों एवं संपूर्ण छत्तीसगढ़ में किए जा रहे सेवा कार्यों से जोड़ना है। इसके साथ ही, आश्रम परिसर स्थित सिद्धिविनायक मंदिर के रजत जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में मंदिर के जीर्णोद्धार तथा आश्रम की गौशाला में गौ-सेवा के प्रति जनमानस का ध्यान आकर्षित करना भी इसका प्रमुख लक्ष्य है।
आयोजन समिति ने समस्त धर्मप्रेमी जनता से अधिक से अधिक संख्या में आश्रम पहुंचकर कथा श्रवण का पुण्य लाभ अर्जित करने तथा भारतीय संस्कृति एवं सनातन धर्म की रक्षा में अपना योगदान देने की विनम्र अपील की है।
