सक्ती

वीरांगना दिवस पर शासकीय हाई स्कूल परसदा खुर्द में भव्य आयोजन छात्राओं ने दिखाया शौर्य व प्रतिभा

महिला एवं बाल विकास विभाग ने विद्यार्थियों को दी पॉक्सो एक्ट, बाल अधिकार और करियर मार्गदर्शन की जानकारी; विजेताओं को किया गया पुरस्कृत।

सक्ती –   वीरांगना दिवस के उपलक्ष्य में महिला एवं बाल विकास विभाग तथा महिला सशक्तिकरण केंद्र, जिला सक्ती के संयुक्त तत्वावधान में शासकीय हाई स्कूल, परसदा खुर्द में एक दिवसीय जागरूकता एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में संस्था के कुल 92 विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया।
अधिकारों और कानूनों के प्रति किया जागरूक
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि एवं वक्ता के रूप में जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री सुधाकर बोदले, जिला मिशन समन्वयक शुचि शुक्ला, जेंडर विशेषज्ञ सतीश कुमार गोंड, सुशीला जोशी तथा वित्तीय साक्षरता समन्वयक श्रीमती शशि गभेल उपस्थित रहीं। अधिकारियों ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए बाल अधिकारों, बाल संरक्षण से जुड़ी विभिन्न शासकीय योजनाओं तथा पॉक्सो एक्ट जैसे महत्वपूर्ण कानूनों की विस्तारपूर्वक जानकारी दी। साथ ही, बच्चों को भविष्य निर्माण के लिए विभिन्न करियर क्षेत्रों के बारे में भी मार्गदर्शन प्रदान किया गया।
क्विज और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन
आयोजन के दौरान विद्यार्थियों के ज्ञानवर्धन के लिए विद्यालय स्तर पर एक क्विज प्रतियोगिता कराई गई, जिसमें काजल साहू ने प्रथम, तानिया चौहान ने द्वितीय तथा प्रतिभा राज ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। सभी विजेता एवं प्रतिभागियों को अतिथियों द्वारा प्रशस्ति पत्र एवं पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों की कड़ी में छात्रा काजल साहू ने वीरांगनाओं के शौर्य पर ओजस्वी कविता पाठ किया। वहीं, छात्रा दुर्गेश्वरी ने वीरांगना की वेशभूषा धारण कर शानदार शौर्य प्रदर्शन किया, जिसने उपस्थित सभी अतिथियों और विद्यार्थियों का मन मोह लिया।
पौष्टिक आहार का वितरण
कार्यक्रम के अंत में बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य और पोषण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से सभी विद्यार्थियों को पोषण आहार के रूप में अंकुरित मूंग-चना, तिल-गुड़ के लड्डू और पौष्टिक स्वल्पाहार वितरित किया गया।
इस अवसर पर संस्था की प्रभारी प्राचार्य श्रीमती कमला देवी गवेल, विज्ञान व्याख्याता विनीता राठौर एवं मंजू चौहान सहित विद्यालय परिवार का सराहनीय योगदान रहा।