सक्ती

पुलिस की दबिश देख तालाब में कूदे जुआरी, 1220 रुपये नकद और ताश की गड्डी जब्त; दो नामजद आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार

सक्ती –  जिले के हसौद थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम डोमाडीह में पुलिस ने जुआ खेलने वालों के खिलाफ कार्रवाई की है। जोनल गश्त के दौरान मिली मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने गंगासागर तालाब के पार स्थित मंदिर के पास दबिश दी।
तालाब में कूदकर भागे जुआरी
प्रशिक्षु उप निरीक्षक जयराम साहू अपनी टीम और गवाहों के साथ जब मौके पर पहुंचे, तो कुछ लोग बिजली के उजाले में त्रिपाल बिछाकर ‘काट पत्ती’ नामक जुआ खेल रहे थे। पुलिस को देखते ही जुआरियों में हड़कंप मच गया। कुछ जुआरी मंदिर के किनारे से भाग निकले, जबकि कुछ पकड़े जाने के डर से गंगासागर तालाब में कूद गए।
दो आरोपी नामजद, जब्ती के दौरान हुए फरार
पुलिस ने घेराबंदी कर मौके से दो जुआरियों— भोजराम कश्यप (उम्र 40 वर्ष, निवासी ग्राम जमडी, थाना हसौद) और धनंजय केंवट (उम्र 34 वर्ष, निवासी ग्राम बिर्रा, थाना बिर्रा) को रंगे हाथों पकड़ा। उनके पास और फड़ से पुलिस ने 1,220 रुपये नकद, एक त्रिपाल और 52 पत्ती ताश जब्त किए। हालांकि, जब्ती की कार्रवाई के दौरान दोनों नामजद आरोपी रात के अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से भाग निकलने में सफल रहे। पुलिस ने तालाब में कूदे लोगों को बाहर निकलने की आवाज भी दी, लेकिन वे भी अंधेरे में निकलकर भाग गए।
छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत मामला दर्ज
हसौद पुलिस ने मौके पर देहाती नालसी दर्ज करने के बाद थाने में दोनों फरार आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम 2022 की धारा 3(2) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और फरार आरोपियों की तलाश जारी है।