मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार पूर्णतः किसान हितैषी : इंजी. रवि पाण्डेय

भाजपा किसान मोर्चा की प्रेसवार्ता में दी जानकारी— किसानों को अब प्रति एकड़ ₹13,839 की पूरी आदान सहायता देगी साय सरकार, 15 नवंबर से शुरू होगी धान खरीदी
सक्ती- भारतीय जनता पार्टी जिला कार्यालय सक्ती में भाजपा जिला किसान मोर्चा द्वारा किसान हितों और प्रदेश सरकार की कृषि नीतियों को लेकर एक प्रेसवार्ता का आयोजन किया गया। प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश प्रवक्ता इंजी. रवि पाण्डेय ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार पूर्णतः किसान हितैषी है और इसके निर्णयों ने प्रदेश में खुशहाली का एक नया अध्याय रचा है।
उन्होंने बताया कि हाल ही में हुई छत्तीसगढ़ मंत्रिपरिषद की बैठक कई मायनों में ऐतिहासिक रही है। इसमें एक साथ 19 बड़े फैसले लिए गए हैं, जिनमें किसानों के कल्याण, शासकीय कर्मचारियों को कैशलेस इलाज की सुविधा और बिजली बिल में राहत जैसे महत्वपूर्ण निर्णय शामिल हैं।
कृषक उन्नति योजना में बड़ा बदलाव: कम धान बेचने पर भी मिलेगी पूरी राशि
इंजी. पाण्डेय ने जानकारी दी कि मंत्रिपरिषद ने खरीफ-2026 में ‘कृषक उन्नति योजना’ के संशोधन संबंधी प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। नए नियम के तहत अब धान फसल पर आदान सहायता राशि प्रति क्विंटल के स्थान पर प्रति एकड़ के मान से दी जाएगी। यदि कोई किसान अपने पंजीकृत रकबे से निर्धारित अधिकतम सीमा (21 क्विंटल प्रति एकड़) से कम धान भी बेचता है, तब भी उसे पूरे बोए गए रकबे के हिसाब से ₹13,839 प्रति एकड़ की पूरी आदान सहायता राशि मिलेगी। इससे फसल विविधीकरण को बढ़ावा मिलेगा और किसानों की आय में सुधार होगा।
15 नवंबर से धान खरीदी, 72 घंटे में होगा भुगतान
प्रेसवार्ता में बताया गया कि खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में प्रदेश के 27.50 लाख से अधिक किसानों से 15 नवंबर 2026 से धान खरीदी शुरू की जाएगी।
•दर एवं सीमा: ₹3,100 प्रति क्विंटल की दर से अधिकतम 21 क्विंटल प्रति एकड़ धान खरीदा जाएगा।
• खरीदी लक्ष्य: सरकार ने इस वर्ष 160 लाख मीट्रिक टन से अधिक धान खरीदने का लक्ष्य रखा है, जिसके लिए 27 लाख से अधिक किसानों ने पंजीयन कराया है।
• त्वरित भुगतान: धान बेचने के 72 घंटे के भीतर राशि सीधे किसानों के बैंक खातों में ट्रांसफर कर दी जाएगी।
पंजीयन प्रक्रिया हुई सरल, खुलेंगे 360 नए उपार्जन केंद्र
किसानों की सुविधा के लिए एग्रीस्टैक आईडी युक्त पिछले वर्ष के सभी पंजीकृत किसानों को धान बेचने के लिए मान्य किया गया है। उन्हें दोबारा पंजीयन कराने या समिति में अलग से ऋण पुस्तिका ले जाने की आवश्यकता नहीं होगी। डिजिटल क्रॉप सर्वे से रकबे का ऑनलाइन निर्धारण किया गया है और वास्तविक किसानों से खरीदी सुनिश्चित करने के लिए बायोमेट्रिक प्रणाली लागू की गई है। सुगम व्यवस्था के लिए 360 नए उपार्जन केंद्र खोले जा रहे हैं, जिससे इस वर्ष कुल 3,100 केंद्रों पर खरीदी होगी।
पिछले 3 वर्षों में ₹35,904 करोड़ की अंतर राशि का भुगतान
प्रदेश प्रवक्ता ने आंकड़े साझा करते हुए बताया कि कृषक उन्नति योजना के तहत पिछले 3 वर्षों में किसानों को कुल ₹35,904.90 करोड़ की अंतर राशि दी गई है। इसमें खरीफ विपणन वर्ष 2023-24 में ₹13,289 करोड़, 2024-25 में ₹11,976 करोड़ और 2025-26 में ₹10,639 करोड़ सीधे किसानों के खातों में भेजे गए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस शासन में किसानों को केवल आश्वासन मिलते थे, जबकि भाजपा सरकार अपने वादों को पूरी ईमानदारी से निभा रही है।
प्राकृतिक आपदा से प्रभावित किसानों को मिलेगा मुआवजा
चक्रवात, बाढ़ और अन्य प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावित फसलों तथा गिरदावरी से जुड़े सवालों पर इंजी. पाण्डेय ने आश्वस्त किया कि प्रभावित फसलों का उचित सर्वे कराया जाएगा और पात्र किसानों को नियमानुसार मुआवजा दिलाने के साथ-साथ उनकी समस्याओं का त्वरित निराकरण किया जाएगा।
इनकी रही उपस्थिति:
प्रेसवार्ता के दौरान भाजपा प्रदेश मंत्री विद्या सिदार, भाजपा किसान मोर्चा प्रदेश मंत्री संपूर्णानंद मिश्रा, पूर्व विधायक डॉ. खिलावन साहू, किसान मोर्चा सरगुजा संभाग सह-प्रभारी प्रवीण यादव, भाजपा जिला किसान मोर्चा अध्यक्ष भूपेंद्र शंकर पटेल, जिला मीडिया प्रभारी धनंजय नामदेव सहित भाजपा के अन्य जिला पदाधिकारी उपस्थित रहे।
