पंडित अभिषेक शर्मा श्री सिद्ध हनुमान मंदिर की 182वीं महाआरती में हुए शामिल

सक्ती- श्री सिद्ध हनुमान मंदिर में आयोजित 182वीं महाआरती श्रद्धा, भक्ति और अद्वितीय उल्लास के साथ संपन्न हुई। इस गरिमामयी और भव्य धार्मिक आयोजन में अतिथि के रूप में पंडित अभिषेक शर्मा विशेष रूप से शामिल हुए।
समारोह को संबोधित करते हुए पंडित अभिषेक शर्मा ने मंदिर समिति के सेवा कार्यों की भूरि-भूरि प्रशंसा की। उन्होंने कहा, “इस भव्य महाआरती का हिस्सा बनना मेरे लिए परम सौभाग्य की बात है। इसके लिए मैं हनुमान लला के चरणों में कोटि-कोटि साधुवाद व्यक्त करता हूं।”
इस अवसर पर छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय के अधिवक्ता एवं संरक्षक चितरंजय पटेल ने अपने विचार साझा करते हुए कहा कि यह महाआरती न केवल धर्म और अध्यात्म का संदेश दे रही है, बल्कि समाज में हिंदू धर्म सशक्तिकरण की दिशा में एक सशक्त और प्रभावी पहल सिद्ध हो रही है।
महाआरती के पावन अवसर पर मंदिर के मुख्य पुजारी ओमप्रकाश वैष्णव ने हनुमान लला का अत्यंत मनमोहक व दिव्य श्रृंगार कर विधि-विधान से पूजन-आरती संपन्न कराई। मंदिर समिति के अनुसार, सुबह का श्रृंगार सुधीर व मेघा अग्रवाल तथा शाम का विशेष श्रृंगार सहस अग्रवाल के सौजन्य से कराया गया। वहीं रामगोपाल देवांगन, सावित्री यादव, लीना विकास बरेठ, नितिन, अन्नपूर्णा, प्रत्यूषा और पद्माक्ष सोनी द्वारा सामूहिक रूप से सिंदूर अभिषेक संपन्न कराया।
धार्मिक अनुष्ठान के अंतर्गत गीतेश पांडे, आदित्य अग्रवाल, सौरभ गर्ग, एकांश बरेठ और राजेश अग्रवाल के द्वारा सुमधुर सुंदरकांड का पाठ किया गया, जिससे संपूर्ण मंदिर परिसर बजरंगबली के जयकारों और भक्तिमय भजनों से गुंजायमान हो उठा।
इस ऐतिहासिक पल के साक्षी दूर-दराज के श्रद्धालु भी बन सके, इसके लिए “हमारे हनुमान” यूट्यूब चैनल के माध्यम से महाआरती का जीवंत (लाइव) प्रसारण किया गया। कार्यक्रम का सफल मंच संचालन कोंडके मौर्य ने किया,जबकि पूरे आयोजन की खूबसूरत फोटोग्राफी अमित तंबोली द्वारा की गई।
दीप प्रज्ज्वलन के साथ शुरू हुए इस कार्यक्रम में संध्या वैष्णव, लीलावती वैष्णव, चमेली देवांगन, अंजू देवांगन, श्रद्धा सिंह, दुलेश्वरी गबेल सहित मंदिर परिवार की महिलाओं ने बड़ी संख्या में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।
महाआरती के समापन पर श्रद्धालुओं के लिए यातायात थाना सक्ती, अमित तंबोली एवं पप्पू खर्रा के सौजन्य से महाप्रसाद की विशेष व्यवस्था की गई थी। कार्यक्रम के अंत में विशेष सेवा सम्मान के रूप में उपहार संयुक्त रूप से लोकेश पटेल और आशुतोष राठौर को अतिथियों के कर-कमलों से प्रदान किया गया।
