सक्ती में 13 नवंबर को भाजपा का ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ कार्यक्रम

केंद्रीय मंत्री तोखन साहू और प्रभारी मंत्री गुरु खुशवंत साहेब रहेंगे मौजूद
सक्ती – छत्तीसगढ़ प्रदेश भारतीय जनता पार्टी के निर्देशानुसार आगामी 13 नवंबर को दोपहर 12:00 बजे जिला मुख्यालय सक्ती के पंडित दीनदयाल उपाध्याय स्टेडियम (बुधवारी बाजार ग्राउंड) में विशाल ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। इस गरिमामयी कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भारत सरकार के केंद्रीय मंत्री तोखन साहू और सक्ती जिले के प्रभारी मंत्री गुरु खुशवंत साहेब विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिला अध्यक्ष टिकेश्वर गबेल करेंगे।
जांजगीर-चांपा लोकसभा क्षेत्र की सांसद श्रीमती कमलेश जांगड़े ने एक विशेष भेंटवार्ता में इस कार्यक्रम की रूपरेखा साझा की। उन्होंने कहा कि आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी निरंतर राष्ट्रहित और जन-कल्याण के लिए समर्पित होकर कार्य कर रही है। दूसरी ओर, देश में विपक्षी पार्टियों द्वारा नकारात्मक राजनीति और अराजकता फैलाने का प्रयास किया जा रहा है। विपक्ष के इसी जनविरोधी चेहरे को बेनकाब करने और जनता को जागरूक करने के उद्देश्य से भाजपा द्वारा इस राष्ट्रव्यापी मुहिम के तहत जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है।
सांसद श्रीमती कमलेश जांगड़े ने सक्ती जिले के समस्त भाजपा पदाधिकारियों, जांबाज कार्यकर्ताओं, प्रबुद्ध नागरिकों और मातृशक्ति से अपील की है कि वे आगामी 13 नवंबर को दोपहर 12 बजे अधिक से अधिक संख्या में पंडित दीनदयाल उपाध्याय स्टेडियम पहुंचकर इस कार्यक्रम को सफल बनाएं और लोकतंत्र को मजबूत करने में अपनी भागीदारी निभाएं।
