सक्ती

सक्ती जिले में तीन नवीन धान उपार्जन केंद्रों से भी होगी धान खरीदी

अब कुल 129 धान उपार्जन केन्द्रो से होगी धान खरीदी, जेठा, परसदाखुर्द और ठनगन में खोले गए नवीन धान उपार्जन केंद्र

सक्ती-   राज्य शासन के खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग द्वारा किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 एवं आगामी खरीफ विपणन वर्षों के लिए सक्ती जिले में तीन नवीन धान उपार्जन केंद्र की शुरुआत की गई है। जारी आदेश के अनुसार सहकारी समिति सक्ती अंतर्गत जेठा एवं परसदाखुर्द तथा सहकारी समिति ठनगन अंतर्गत ठनगन में नवीन धान उपार्जन केंद्र खोले गए हैं।
       उल्लेखनीय है कि खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में सक्ती जिले की 96 समितियों के अंतर्गत अब कुल 129 धान उपार्जन केंद्रों में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की जाएगी। शासन के निर्देशानुसार तीनों नवीन धान उपार्जन केंद्रों में धान खरीदी के लिए आवश्यक तैयारियां निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण की जा रही है, ताकि किसानों को अपने नजदीकी केंद्रों में सुविधाजनक एवं सुचारू रूप से धान विक्रय की सुविधा उपलब्ध हो सके।