जुआ खेलते 5 रंगे हाथ गिरफ्तार

नकदी और ताश की पत्तियां जब्त
सक्ती – जैजैपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम पर्थरा में पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर रेड कार्रवाई करते हुए पांच जुआरियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से नकद राशि और जुआ खेलने की सामग्री बरामद की है।
मुखबिर की सूचना पर हुई कार्रवाई
जानकारी के अनुसार, जैजैपुर थाने में पदस्थ सहायक उप निरीक्षक उपेन्द्र कुमार यादव अपने स्टाफ के साथ क्षेत्र में गश्त पर थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम पर्थरा में मुर्गी फार्म के पीछे कुछ लोग सेल्फी लाइट जलाकर ताश की पत्तियों पर पैसों की हार-जीत का दांव लगा रहे हैं। पुलिस ने गवाहों को साथ लेकर मौके पर घेराबंदी की और छापेमारी की। पुलिस को देखकर कुछ जुआरी अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में सफल रहे, जबकि 5 लोगों को रंगे हाथ पकड़ लिया गया।
ये आरोपी हुए गिरफ्तार
पकड़े गए आरोपियों की पहचान संतोष कुमार नायक (37 वर्ष), शिवशंकर कर्ष (50 वर्ष), सुखीराम कंवर (59 वर्ष), जगमोहन प्रसाद कर्ष (36 वर्ष) और नंदकुमार कर्ष (39 वर्ष) के रूप में हुई है, जो सभी ग्राम पर्थरा के निवासी हैं।
नकदी और सामान बरामद
पुलिस ने आरोपियों के पास से और फड़ से कुल ₹2100 नगद, 52 पत्ती ताश, एक सेल्फी लाइट और एक प्लास्टिक की बोरी जब्त की है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम 2022 की धारा 3(2) के तहत मामला दर्ज किया है। चूंकि यह अपराध जमानतीय था, इसलिए सक्षम जमानतदार पेश करने पर आरोपियों को मौके पर ही मुचलके पर रिहा कर दिया गया।
