सक्ती

सरकारी कोयला टेंडर दिलाने का झांसा देकर 15 लाख की ठगी रायपुर के होटल कारोबारी दीपक टंडन पर एफआईआर दर्ज

अधिकारियों से ऊंची पहुंच का हवाला देकर सक्ती के ट्रांसपोर्टर से एंठी रकम, गारंटी में दिए चेक का खाता वर्षों पहले हो चुका था बंद

सक्ती –  सक्ती जिले के एक प्रतिष्ठित व्यवसायी से सरकारी टेंडर दिलाने के नाम पर 15 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने का एक बड़ा मामला सामने आया है। सक्ती सिटी कोतवाली पुलिस ने इस मामले में रायपुर के विवादित होटल व्यवसायी दीपक उर्फ अंबेडकर टंडन के खिलाफ धोखाधड़ी का अपराध दर्ज कर मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है। आरोप है कि आरोपी ने बड़े प्रशासनिक अधिकारियों से अपनी गहरी पैठ होने का दावा करते हुए कोयले का बड़ा सरकारी टेंडर आवंटित कराने का झांसा दिया और व्यवसायी से लाखों रुपये ऐंठ लिए।
उच्च अधिकारियों से पहचान का दिया था हवाला
पुलिस से प्राप्त आधिकारिक जानकारी के अनुसार, सक्ती के वार्ड नंबर 6 (गुरुद्वारा वार्ड) निवासी पीड़ित किशन शर्मा ट्रांसपोर्टिंग और कोयला व्यवसाय से जुड़े हैं। उन्होंने इस जालसाजी के संबंध में सक्ती जिला पुलिस अधीक्षक के समक्ष एक लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में पीड़ित ने बताया कि मार्च 2022 में रायपुर के होटल कारोबारी दीपक टंडन ने उनसे संपर्क साधा था। आरोपी ने खुद को रसूखदार बताते हुए विश्वास दिलाया कि उसकी उच्च अधिकारियों में अच्छी पकड़ है और वह उन्हें कोयले का एक बड़ा सरकारी टेंडर दिलवा देगा। आरोपी की बातों में आकर किशन शर्मा ने अलग-अलग किस्तों में चेक के माध्यम से कुल 15 लाख रुपये का भुगतान आरोपी को कर दिया।
गारंटी के तौर पर थमाए बंद खाते के चेक
शिकायत के मुताबिक, जब किशन शर्मा ने रकम की सुरक्षा को लेकर प्रतिबद्धता चाही, तो आरोपी दीपक टंडन ने गारंटी के तौर पर एचडीएफसी बैंक का 4 लाख रुपये का एक चेक (क्रमांक 009268) और एक अन्य ब्लैंक चेक (क्रमांक 000013) पीड़ित को सौंप दिया। टेंडर न मिलने और काम न होने पर जब पीड़ित को संदेह हुआ, तो उन्होंने संबंधित बैंक से इन चेकों के बारे में तस्दीक की। बैंक प्रबंधन से मिली जानकारी ने पीड़ित के होश उड़ा दिए; उन्हें पता चला कि आरोपी दीपक टंडन का वह बैंक खाता कई साल पहले ही स्थाई रूप से बंद हो चुका था। इसके बाद पीड़ित कारोबारी ने खुद को ठगी का शिकार पाते हुए पुलिस प्रशासन से न्याय की गुहार लगाई।
भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत मामला दर्ज
सक्ती के एडिशनल एसपी पंकज पटेल ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पीड़ित व्यवसायी किशन शर्मा की शिकायत और उनके द्वारा प्रस्तुत पुख्ता दस्तावेजों व तथ्यों की प्रारंभिक जांच के बाद सक्ती सिटी कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की है। पुलिस ने आरोपी दीपक उर्फ अंबेडकर टंडन के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4) (धोखाधड़ी) के तहत आपराधिक प्रकरण दर्ज कर लिया है। पुलिस प्रशासन अब दोनों पक्षों के बीच हुए वित्तीय लेनदेन, बैंक खातों के विवरण, दिए गए चेक और अन्य सहायक दस्तावेजों को खंगालने में जुटा है।
गौरतलब है कि ठगी के आरोपों में घिरे होटल व्यवसायी दीपक टंडन और उनकी पत्नी बरखा टंडन की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं, क्योंकि उनके खिलाफ हाल ही में रायपुर और अन्य जिलों के थानों में भी जमीन धोखाधड़ी, अवैध कब्जे और ब्लैकमेलिंग से जुड़े कई अन्य आपराधिक मामले दर्ज हुए हैं।