मल्दा में समाधान शिविर किया गया आयोजित



20 ग्राम पंचायत के पहुंचे ग्रामीणजन, 642 में से 224 आवेदनों का मौके पर हुआ त्वरित समाधान
सक्ती- मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के मंशानुसार आमजन की समस्याओं के त्वरित निराकरण एवं शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के उद्देश्य से संचालित सुशासन तिहार 2026 के अंतर्गत आज जैजैपुर विकासखंड की ग्राम पंचायत मल्दा में जनसमस्या निवारण शिविर का सफल आयोजन किया गया। क्लस्टर मल्दा शिविर में 20 ग्राम पंचायत मल्दा, अमोदा, करही, किकिरदा, कैथा, गुडरूकला, गुंजियाबोड़, घिवरा, चिस्दा, झरप, डोटमा, डोमाडीह, देवरीमठ, धमनी, नगारीडीह, परसदा, पेंड्री, बरेकेलकला, लालमाटी, एवं हसौद से बड़ी संख्या में ग्रामीणजन शामिल हुए। ग्रामीणों ने अपनी विभिन्न समस्याओं एवं शिकायतों से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए, जिनमें कुल 642 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें से 224 आवेदनों का त्वरित निराकरण किया गया। शेष 418 आवेदनों को प्राथमिकता के आधार पर निराकरण हेतु संबंधित विभागों को प्रेषित किया गया तथा ग्रामीणों को शीघ्र समाधान का भरोसा दिलाया गया। इसके साथ ही जनसमस्या निवारण शिविर में छत्तीसगढ़ शासन जनसंपर्क विभाग द्वारा प्रकाशित पत्रिका जनमन, सुशासन के नवीन आयाम, विकसित भारत के बढ़ते कदम आदि प्रचार सामग्री का वितरण भी किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारी कर्मचारियों और ग्रामीणों ने जल संरक्षण का संकल्प भी लिया। कार्यक्रम के दौरान पात्र हितग्राहियों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित कर शासन की योजनाओं का सीधा लाभ प्रदान किया गया।
शिविर में पूर्व विधायक निर्मल सिन्हा ने अपने संबोधन में कहा कि मुख्यमंत्री की मंशानुसार सुशासन तिहार के तहत ग्राम मल्दा में आयोजित जनसमस्या निवारण शिविर आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान का प्रभावी माध्यम बन रहा है। उन्होंने कहा कि शिविर की वास्तविक सफलता तभी मानी जाएगी, जब प्रत्येक व्यक्ति की शिकायतों, मांगों एवं समस्याओं का संवेदनशीलता के साथ निराकरण सुनिश्चित हो। श्री सिन्हा ने सभी विभागीय अधिकारियों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का बेहतर क्रियान्वयन करने तथा अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक उसका लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए। उन्होंने गर्मी के मौसम को देखते हुए बिजली, पेयजल एवं स्वास्थ्य सुविधाओं की समुचित व्यवस्था बनाए रखने पर भी जोर दिया। साथ ही प्राप्त आवेदनों एवं शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित निराकरण कर आमजन को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की बात कही।
शिविर में पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग द्वारा 05 आवास योजना के हितग्राहियों को आवास स्वीकृती की चाबी सौंपी गई, खाद्य विभाग द्वारा राशन कार्ड का वितरण, स्वास्थ्य विभाग द्वारा आयुष्मान कार्ड का वितरण, मत्स्य पालन विभाग द्वारा जाल एवं आइस बॉक्स वितरण किया गया। साथ ही अन्य योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों को दिलाया गया। इस शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने उपस्थित नागरिकों को जनकल्याणकारी योजनाओं की विषयवार विस्तृत जानकारी भी प्रदान की। इसके अतिरिक्त आयुर्वेद विभाग एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा शिविर में आए लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक निःशुल्क दवाइयों का वितरण किया गया। समाधान शिविर में महिला एवं बाल विकास विभाग, समाज कल्याण विभाग, स्कूल शिक्षा विभाग, स्वास्थ्य विभाग, आयुष विभाग, ग्रामोद्योग विभाग, सहकारिता विभाग, कृषि विभाग, उद्यान विभाग, पशुधन विकास विभाग, राजस्व विभाग, आबकारी विभाग, आदिवासी विकास विभाग, खाद्य विभाग, महात्मा गांधी रोजगार गारंटी योजना, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा विभाग, प्रधानमंत्री आवास योजना, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग, जल संसाधन विभाग, वित्तीय साक्षरता कार्यक्रम, श्रम विभाग, मत्स्य पालन विभाग, बिजली विभाग, लोक निर्माण विभाग, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग सहित अन्य विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए।
इस शिविर में जिला पंचायत सदस्य श्रीमती जानकी सत्यनारायण चन्द्रा, राजेश लहरे, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत जैजैपुर संदीप कश्यप सहित विभिन्न जनप्रतिनिधिगण, संबंधित विभाग के अधिकारी कर्मचारीगण, सरपंच, क्लस्टर के सरपंच, सचिव, स्व. सहायता समूहो के सक्रिय महिला सदस्य एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन आदि उपस्थित रहे।


