डभरा में पुरानी रंजिश को लेकर युवक पर जानलेवा हमला

सिर पर आई गंभीर चोट
सक्ती – डभरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम फरसवानी में पुरानी रंजिश के चलते एक युवक के साथ गाली-गलौज और मारपीट का मामला सामने आया है। आरोपियों ने पीड़ित पर हाथ-मुक्के के साथ-साथ कड़े (चुड़ा) से हमला किया, जिससे उसके सिर पर गंभीर चोट आई है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर दो नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम फरसवानी निवासी बलदेव राज महिलांगे (23 वर्ष) ने डभरा थाने में मौखिक रिपोर्ट दर्ज कराई है। पीड़ित ने बताया कि दीपावली पर्व के उपलक्ष्य में गांव में मां काली की मूर्ति स्थापना की गई थी, जहां वह अपने दोस्तों के साथ रात्रि कालीन कार्यक्रम देखने गया था।
रात में जब वह वापस घर लौट रहा था, तभी अमलीपचरी (सोनार तालाब) के पास गांव के ही कुश यादव और रोशन यादव उर्फ गबरू यादव ने उसे रोक लिया। पुरानी रंजिश को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। आरोपियों ने पीड़ित को गंदी गालियां दीं और जान से मारने की धमकी देते हुए मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान रोशन उर्फ गबरू ने अपने हाथ में पहने भारी चुड़े से बलदेव के सिर पर वार कर दिया, जिससे वह लहूलुहान हो गया। घटना के समय वहां मौजूद दिनेश यादव नामक युवक ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया।
डभरा थाना पुलिस ने इस मामले में तत्परता दिखाते हुए आरोपी कुश यादव और रोशन यादव के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 की धारा 115(2), 296, 3(5) और 351(3) के तहत अपराध पंजीकृत कर लिया है। मामले की विवेचना हेड कांस्टेबल रमेश कुमार चंद्रा द्वारा की जा रही है।
