कुम्हारी कला में कांग्रेस का ‘वोट बचाओ देश बचाओ’ जन चौपाल संवाद जिला प्रतिनिधि गुलजार सिंह ठाकुर ने किया 7 लाख के विकास कार्यों का भूमिपूजन

सक्ती – छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार पूरे प्रदेश में चलाए जा रहे ‘वोट बचाओ देश बचाओ’ अभियान के तहत सक्ती विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत जनपद पंचायत बम्हनीडीह के ग्राम कुम्हारी कला में भव्य मंडल स्तरीय जन चौपाल संवाद कार्यक्रम संपन्न हुआ। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में छत्तीसगढ़ विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत के जिला प्रतिनिधि गुलजार सिंह ठाकुर उपस्थित रहे। कार्यक्रम की विशिष्टता तब और बढ़ गई जब जिला प्रतिनिधि गुलजार सिंह ने ग्राम कुम्हारी कला में ₹7 लाख की लागत से बनने वाले अतिरिक्त कक्ष निर्माण का विधिवत पूजा-अर्चना कर भूमिपूजन किया।
राष्ट्रहित के लिए कांग्रेस का जन आंदोलन: गुलजार सिंह
जन चौपाल संवाद को संबोधित करते हुए जिला प्रतिनिधि गुलजार सिंह ठाकुर ने कहा कि आज अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर देश और राष्ट्रहित की रक्षा के लिए ‘वोट बचाओ देश बचाओ’ अभियान को एक जन आंदोलन का रूप दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पिछले दिनों देश की राजधानी दिल्ली में कांग्रेस पार्टी ने एक विशाल आंदोलन के जरिए यह संदेश दिया है कि पार्टी हमेशा राष्ट्रहित और लोकतंत्र की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। देश में जो भी ताकतें जनविरोधी और गलत काम कर रही हैं, उनके खिलाफ कांग्रेस पार्टी जमीनी स्तर पर व्यापक रूप से अभियान चलाएगी।
वरिष्ठ कांग्रेसी नेताओं और प्रभारियों की रही गरिमामयी मौजूदगी
इस मंडल स्तरीय जन चौपाल कार्यक्रम में लवसरा-सकरेली-बाराद्वार मंडल के प्रभारी, विधायक प्रतिनिधि एवं पूर्व मंडी अध्यक्ष रूप नारायण साहू, बाराद्वार मंडल प्रभारी रोशन साहू, दिनेश राठौर, सरहर मंडल अध्यक्ष डी.आर. यादव, झरना मंडल अध्यक्ष डॉ. काजल किरण सिंह, और दारग मंडल अध्यक्ष रोशन बरेठ विशेष रूप से मंच पर आसीन रहे।
कार्यकर्ताओं में दिखा भारी उत्साह
इस जन चौपाल कार्यक्रम को लेकर स्थानीय स्तर पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों में जबरदस्त उत्साह देखा गया। कार्यक्रम में क्षेत्र के सभी सेक्टर अध्यक्ष, बूथ अध्यक्ष, स्थानीय सरपंच, पंच, भारी संख्या में क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि, ग्रामीण एवं कांग्रेस पार्टी के कर्मठ कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में विकास कार्य की सौगात मिलने पर ग्रामीणों ने हर्ष व्यक्त करते हुए अतिथियों का आभार जताया।
