सक्ती

सेवा सेतु पोर्टल की सेवाओं एवं आवेदन प्रक्रिया पर एक दिवसीय प्रशिक्षण शिविर आयोजित

सक्ती – कलेक्टर श्रीमती जयश्री जैन के निर्देशानुसार सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से नागरिकों को उपलब्ध कराई जा रही विभिन्न शासकीय सेवाओं एवं उनकी आवेदन प्रक्रिया के संबंध में कलेक्ट्रेट कार्यालय सभाकक्ष में विगत दिवस में एक दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। प्रशिक्षण शिविर में जिले के समस्त सेवा सेतु प्रबंधकों एवं ऑपरेटरों के साथ-साथ अटल डिजिटल सुविधा केंद्र संचालकों एवं सीएससी वीएलई को पोर्टल के माध्यम से संचालित विभिन्न शासकीय सेवाओं की जानकारी एवं उनके समयबद्ध निराकरण की प्रक्रिया के संबंध में विस्तारपूर्वक प्रशिक्षण दिया गया।
       एक दिवसीय प्रशिक्षण शिविर में विभिन्न नवीन ई-सेवाओं के संबंध में जानकारी दी गई। इस दौरान नगरीय निकायों के अधिकारी एवं कर्मचारी तथा खाद्य विभाग के राशन कार्ड प्रभारी द्वारा सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से प्रारंभ की गई नवीन राशन कार्ड संबंधी सेवाओं एवं उनकी आवेदन प्रक्रिया के बारे में विस्तार से बताया गया। प्रशिक्षण के दौरान ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर श्री दुष्यंत सोनी द्वारा सेवा सेतु पोर्टल पर उपलब्ध विभिन्न सेवाओं, आवेदन की प्रक्रिया तथा संबंधित कार्यों के निष्पादन के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई। इसमें आय प्रमाण पत्र, मूल निवास प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र, नाम परिवर्तन, मृत्यु पंजीयन, विवाह प्रमाण पत्र, भवन अनुज्ञा, श्रम कार्ड संशोधन सहित अन्य सेवाओं के लिए ऑनलाइन आवेदन करने की प्रक्रिया समझाई गई। साथ ही पोर्टल के माध्यम से नागरिकों को विभिन्न शासकीय सेवाएं उपलब्ध कराने, आवेदन प्रक्रिया को सही तरीके से संपादित करने तथा आम नागरिकों को सेवाओं का लाभ लेने में सहयोग प्रदान करने के संबंध में भी प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण शिविर का मुख्य उद्देश्य सेवा सेतु केंद्रों के माध्यम से आम नागरिकों को विभिन्न शासकीय सेवाओं की जानकारी उपलब्ध कराना, आवेदन प्रक्रिया को सरल बनाना तथा सेवाओं के समयबद्ध निराकरण की प्रक्रिया से संबंधित अधिकारियों एवं ऑपरेटरों को अवगत कराना था। प्रशिक्षण में ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर श्री दुष्यंत सोनी सहित संबंधित अधिकारी, कर्मचारी एवं प्रशिक्षणार्थी उपस्थित थे।