डोड़की मोड़ के पास भीषण सड़क हादसा: तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को मारी टक्कर, एक युवक की मौत, 3 घायल

सक्ती – थाना सक्ती क्षेत्र के अंतर्गत डोड़की मोड़ के पास रविवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज और लापरवाही पूर्वक चल रहे एक ट्रक ने मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में बाइक चालक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक पर पीछे बैठे तीन अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सामने से आ रहे ट्रक ने मारी टक्कर
जानकारी के अनुसार, ग्राम मसनिया कला निवासी शिकायतकर्ता रमेश कुमार सोनी ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। घटना वाले दिन 1 नवंबर 2026 को दोपहर करीब 1:40 बजे उनका भतीजा संजय सोनी उर्फ लल्लू अपनी मोटरसाइकिल से डोंगिया से सक्ती की ओर जा रहा था। मोटरसाइकिल पर उसके तीन दोस्त मनीष खैरवार, बजरंग खैरवार और राहुल खैरवार भी पीछे बैठे हुए थे।
जैसे ही वे डोड़की मोड़ पर सुभद्रा साहू की किराना दुकान के पास पहुंचे, तभी सामने से आ रहे ट्रक क्रमांक CG-11-AF-2822 के चालक ने अपने वाहन को अत्यधिक तेज रफ्तार और लापरवाही से चलाते हुए बाइक को टक्कर मार दी।
एक की मौत, तीन दोस्त घायल
यह भिड़ंत इतनी जोरदार थी कि संजय सोनी उर्फ लल्लू की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं बाइक पर सवार उसके तीनों दोस्त मनीष, बजरंग और राहुल को गंभीर चोटें आई हैं। घटना की सूचना मिलने के बाद परिजन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) सक्ती पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने संजय को मृत घोषित कर दिया। घायलों का इलाज अस्पताल में चल रहा है।
अज्ञात ट्रक चालक पर बीएनएस के तहत एफआईआर दर्ज
शिकायत के आधार पर सक्ती थाना पुलिस ने 1 नवंबर 2026 की शाम 6:24 बजे ट्रक क्रमांक CG-11-AF-2822 के अज्ञात चालक के खिलाफ FIR क्रमांक 0451/2026 दर्ज कर ली है। पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 की धारा 106(1) (लापरवाही से मौत), 125(a) (दूसरों के जीवन या व्यक्तिगत सुरक्षा को खतरे में डालना) और 281 (सार्वजनिक मार्ग पर तेजी से वाहन चलाना) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है।
घटनास्थल सक्ती थाने से उत्तर-पश्चिम दिशा में करीब 6 किलोमीटर दूर है। मामले की विस्तृत विवेचना प्रधान आरक्षक मिथुन कुमार सुल्तान द्वारा की जा रही है। पुलिस का कहना है कि दुर्घटनाकारित ट्रक और उसके फरार चालक की सरगर्मी से तलाश की जा रही है, जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
