जनजातीय गौरव सप्ताह 2026 के अवसर पर 05 नवम्बर को जिला स्तरीय जनजातीय गौरव ज्ञान प्रतियोगिता होगी आयोजित

दो श्रेणियों में किया जाएगा प्रतियोगिता का आयोजन
सक्ती – शासन के निर्देशानुसार 11 नवम्बर से 18 नवम्बर 2026 तक जनजातीय गौरव सप्ताह मनाया जाना है। उक्त अवधि में जिला स्तरीय एवं राज्य स्तरीय आयोजन के संबंध में शासन द्वारा विस्तृत निर्देश जारी किए गए हैं। इस दौरान आयोजित किए जाने वाले विभिन्न कार्यक्रमों एवं गतिविधियों में जनजातीय गौरव ज्ञान प्रतियोगिता का आयोजन एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम है। सहायक आयुक्त आदिवासी विकास विभाग जिला सक्ती से प्राप्त जानकारी अनुसार जिला स्तर पर जनजातीय गौरव ज्ञान प्रतियोगिता का आयोजन 05 नवम्बर 2026 को आयोजित किया जाएगा। यह प्रतियोगिता दो श्रेणियों में आयोजित होगी। प्रथम श्रेणी में कक्षा 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थी, प्री मैट्रिक एवं पोस्ट मैट्रिक छात्रावासों के विद्यार्थी शामिल होंगे। वहीं द्वितीय श्रेणी में महाविद्यालयों में अध्ययनरत तथा पोस्ट मैट्रिक छात्रावासों में निवासरत विद्यार्थी सम्मिलित होंगे। जिला स्तर पर प्रतियोगिता का आयोजन ऑफलाइन मोड में किया जाएगा। जिला स्तरीय प्रतियोगिता के मेरिट क्रम के अनुसार वांछित संख्या में प्रतिभागी राज्य स्तरीय आयोजन में सम्मिलित होने हेतु पात्र होंगे। मेरिट क्रम में स्थान प्राप्त प्रतिभागियों की सूची एवं विवरण (नाम, पिता का नाम, पता, मोबाइल नंबर आदि) उल्लेखित अनुसार राज्य स्तरीय जनजातीय गौरव ज्ञान प्रतियोगिता में सम्मिलित होने हेतु उपलब्ध कराने होंगे। उक्त जिला स्तरीय जनजातीय गौरव ज्ञान प्रतियोगिता में भाग लेने हेतु इच्छुक अभ्यर्थी कार्यालय सहायक आयुक्त, आदिवासी विकास विभाग, जिला सक्ती में संपर्क कर सकते हैं।
