आईपीएल सट्टेबाजी पर पुलिस का बड़ा प्रहार, ऑनलाइन सट्टा लगाते युवक गिरफ्तार

मोबाइल फोन और 46 हजार से अधिक नगदी जब्त, आरोपी न्यायिक रिमांड पर भेजा गया
सक्ती – जिले में आईपीएल क्रिकेट मैचों पर चल रही ऑनलाइन सट्टेबाजी के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। थाना चांपा पुलिस एवं साइबर थाना की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी के कब्जे से मोबाइल फोन और 46,270 रुपए नगद बरामद किए हैं। आरोपी के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम की धारा 07 के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (IPS) के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप के मार्गदर्शन में जिले में अवैध गतिविधियों और ऑनलाइन सट्टेबाजी के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है।
पुलिस को 24 मई 2026 की रात मुखबिर से सूचना मिली थी कि चांपा क्षेत्र के मंझली तालाब के पास एक युवक आईपीएल मैच कोलकाता नाइट राइडर्स और दिल्ली कैपिटल्स के बीच खेले जा रहे मुकाबले में हार-जीत पर रुपए का दांव लगाकर ऑनलाइन सट्टा संचालित कर रहा है।
सूचना मिलते ही थाना चांपा पुलिस एवं साइबर थाना की टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर संदिग्ध युवक को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम संदीप यादव (27 वर्ष), निवासी वार्ड क्रमांक 26, मंझली तालाब के पास, थाना चांपा जिला जांजगीर-चांपा बताया।
जांच के दौरान आरोपी के मोबाइल फोन में आईपीएल मैच पर ऑनलाइन सट्टा संचालित किए जाने के प्रमाण मिले। इसके बाद थाना चांपा में अपराध क्रमांक 262/26 दर्ज कर आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।


