सक्ती

सक्ती में दिनदहाड़े बैंक के सामने से युवती की स्कूटी चोरी, पुलिस ने दर्ज किया मामला

CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस, अज्ञात चोर के खिलाफ जुर्म दर्ज

स्टेशन रोड स्थित एक्सिस बैंक के सामने की घटना

सक्ती में दिनदहाड़े बैंक के सामने से युवती की स्कूटी चोरी, पुलिस ने दर्ज किया मामला kshititech

सक्ती –   सक्ती थाना क्षेत्र के व्यस्ततम इलाके स्टेशन रोड पर चोरों के हौसले बुलंद हैं। यहाँ सोमवार की शाम एक्सिस बैंक के सामने खड़ी एक युवती की स्कूटी को किसी अज्ञात चोर ने पार कर दिया। पीड़िता की शिकायत पर सक्ती थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
फील्ड वर्क से लौटकर बैंक के बाहर खड़ी की थी गाड़ी
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम अर्जुनी (बोहापारा), थाना अकलतरा (जिला जांजगीर-चांपा) की रहने वाली 26 वर्षीय प्रगति लहरे पति संदीप लहरे सक्ती स्थित एक्सिस बैंक में कार्यरत हैं। रोज की तरह सोमवार को भी वह माइक्रो फाइनेंस के फील्ड वर्क का काम निपटाकर शाम करीब 4:45 बजे बैंक पहुंची थीं। उन्होंने अपनी स्कूटी बैंक के सामने खड़ी की और अंदर चली गईं। शाम करीब 5:00 बजे जब वह अपना काम खत्म कर घर जाने के लिए बाहर निकलीं, तो उनके होश उड़ गए। बैंक के सामने से उनकी स्कूटी गायब थी। पीड़िता ने आसपास के लोगों से पूछताछ की और काफी खोजबीन की, लेकिन वाहन का कहीं कोई सुराग नहीं मिला।
वाहन चोरी की इस वारदात के बाद पीड़िता ने सक्ती थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मंगलवार, 3 नवंबर को सुबह 11:38 बजे अज्ञात आरोपी के खिलाफ FIR क्रमांक 0453/2026 और भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 की धारा 303(2) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर लिया है। घटनास्थल सक्ती थाने से दक्षिण दिशा में करीब 1 किलोमीटर की दूरी पर है। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए स्टेशन रोड और बैंक के आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं, ताकि अज्ञात चोर का सुराग लगाया जा सके।