सक्ती विकासखंड की 08 ग्राम पंचायतों में शासकीय उचित मूल्य की दुकान के संचालन हेतु इच्छुक संस्थाओं से 16 नवम्बर तक आमंत्रित किए गए आवेदन

सकरेलीकला, परसदाखुर्द, गढगोढ़ी, पतेरापालीकला, केरीबंधा, अर्जुनी, ऋषभतीर्थ एवं बोईरडीह के लिए आवेदन किए गए आमंत्रित

सक्ती – जिले के विकासखंड सक्ती की ग्राम पंचायत सकरेलीकला, परसदाखुर्द, गढगोढ़ी, पतेरापालीकला, केरीबंधा, अर्जुनी, ऋषभतीर्थ एवं बोईरडीह में शासकीय उचित मूल्य की दुकान रिक्त होने पर इच्छुक संस्थाओं से आवेदन पत्र आमंत्रित किए गए हैं। इच्छुक संस्थाएं निर्धारित शर्तों के अधीन दिनांक 16 नवम्बर 2026 तक कार्यालय अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) सक्ती में कार्यालयीन समय पर आवेदन प्रस्तुत कर सकते हैं।
शासकीय उचित मूल्य की दुकान के संचालन हेतु अधिकृत संस्थाओं में ग्राम पंचायत, महिला स्व-सहायता समूह, प्राथमिक कृषि साख समिति, वन सुरक्षा समिति एवं अन्य सहकारी समितियां शामिल हैं। ग्राम पंचायत द्वारा दुकान संचालन की स्थिति में ग्राम पंचायत को दुकान का संचालन स्वयं करना होगा। किसी निजी व्यक्ति को अधिकृत नहीं किया जा सकेगा। ग्राम पंचायत को आवंटित उचित मूल्य की दुकान का संचालन ग्रामसभा द्वारा नामांकित एक समिति के माध्यम से किया जाएगा, जिसमें सरपंच, सचिव, पंच, एक प्राथमिकता राशनकार्डधारी तथा एक अंत्योदय राशनकार्डधारी शामिल होंगे। समिति में कम से कम दो महिला सदस्य होना अनिवार्य है। ग्राम पंचायत द्वारा संचालित उचित मूल्य की दुकान के विक्रेता के रूप में किसी स्थानीय शिक्षित एवं बेरोजगार व्यक्ति को ग्रामसभा के अनुमोदन पर नियुक्त किया जा सकता है।
महिला स्व-सहायता समूह के लिए निर्धारित शर्तें
महिला स्व-सहायता समूह का पंजीयन होना अनिवार्य है। समूह का पंजीयन आवेदन पत्र प्राप्त होने की तिथि से कम से कम तीन माह पूर्व का होना चाहिए तथा उसे सामाजिक एवं आर्थिक क्षेत्र में कार्य करने का अनुभव होना चाहिए। महिला स्व-सहायता समूह द्वारा संचालित शासकीय उचित मूल्य की दुकान से संबंधित सभी कार्य तथा खाद्यान्न की प्राप्ति एवं वितरण समूह की महिला सदस्यों द्वारा स्वयं किया जाएगा। किसी भी परिस्थिति में पुरुषों से कार्य नहीं कराया जाएगा।
सहकारी समितियों के लिए निर्धारित शर्तें
सहकारी समिति का पंजीयन होना अनिवार्य है। समिति का पंजीयन आवेदन पत्र प्राप्त होने की तिथि से कम से कम तीन माह पूर्व का होना चाहिए तथा उसे सामाजिक एवं आर्थिक क्षेत्र में कार्य करने का अनुभव होना चाहिए। उचित मूल्य दुकान संचालन की इच्छुक संस्था निर्धारित प्रारूप में आवेदन प्रस्तुत करेगी। आवेदन पत्र कार्यालयीन अवधि में कार्यालय अनुविभागीय अधिकारी राजस्व सक्ती से प्राप्त किया जा सकता है। आवेदक संस्था आवेदन पत्र पूर्णतः भरकर उसमें वर्णित दस्तावेजों को संलग्न कर आवेदन पत्र सहित दस्तावेज कार्यालयीन अवधि में इस कार्यालय अनुविभागीय अधिकारी राजस्व सक्ती में जमा कर सकती है। शासकीय उचित मूल्य की दुकान आवंटित होने की स्थिति में संचालनकर्ता एजेंसी को शासन द्वारा जारी समस्त नियम एवं निर्देशों का अनिवार्य रूप से पालन करना होगा।
