18 से पहले बाइक नहीं वरना कार्रवाई तय

बिर्रा स्कूल में पुलिस ने बच्चों को पढ़ाया सुरक्षा का पाठ
नाबालिगों को वाहन चलाने से किया सावधान, साइबर ठगी से बचाव और यातायात नियमों की दी अहम जानकारी
सक्ती – जिले में नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने की बढ़ती घटनाओं को रोकने के लिए पुलिस ने जागरूकता अभियान तेज कर दिया है। इसी कड़ी में पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में सामुदायिक पुलिसिंग अभियान के तहत थाना बिर्रा प्रभारी निरीक्षक राजीव श्रीवास्तव ने सरस्वती शिशु मंदिर, बिर्रा में छात्र-छात्राओं के लिए यातायात एवं साइबर सुरक्षा विषय पर विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को यह समझाना था कि 18 वर्ष से कम आयु के बच्चों द्वारा मोटरसाइकिल या अन्य मोटर वाहन चलाना कानूनन प्रतिबंधित है। थाना प्रभारी निरीक्षक राजीव श्रीवास्तव ने विद्यार्थियों से कहा कि वे स्वयं वाहन न चलाएं और अपने अभिभावकों को भी इस संबंध में जागरूक करें, ताकि किसी भी दुर्घटना और कानूनी कार्रवाई से बचा जा सके। इस दौरान विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा के नियमों, हेलमेट पहनने की अनिवार्यता, यातायात संकेतों का पालन तथा सुरक्षित आवागमन के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही साइबर अपराधों से बचाव के उपाय बताते हुए सोशल मीडिया का सुरक्षित उपयोग, ओटीपी, पासवर्ड और बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा नहीं करने की सलाह दी गई। किसी भी प्रकार की साइबर ठगी होने पर तत्काल पुलिस को सूचना देने की अपील भी की गई। विद्यालय के शिक्षकों ने पुलिस की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों में कानून के प्रति सम्मान, अनुशासन और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। पुलिस ने भविष्य में भी इस तरह के जागरूकता कार्यक्रम लगातार आयोजित करने की बात कही।




