सक्ती

धान खरीदी 2026-27: ‘तुंहर टोकन’ ऐप से घर बैठे मिलेगा ऑनलाइन टोकन, 15 नवंबर से शुरू होगी खरीदी

सक्ती-   छत्तीसगढ़ शासन द्वारा खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की तारीखें तय कर दी गई हैं। राज्य में धान खरीदी 15 नवंबर 2026 से 15 जनवरी 2027 तक चलेगी। किसानों की सहूलियत को ध्यान में रखते हुए धान खरीदी शुरू होने के 5 दिन पहले, यानी आज 10 नवंबर से टोकन जारी करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। किसान अपनी सुविधा के अनुसार 15 नवंबर से 15 जनवरी 2027 के बीच की किसी भी तारीख का टोकन ले सकते हैं। प्रशासन ने अपील की है कि जिन किसानों की धान की फसल तैयार हो चुकी है, वे समय पर टोकन लेकर धान विक्रय करें।
96 समितियों में बनाए गए 129 उपार्जन केंद्र
जिले की 96 सहकारी समितियों के अंतर्गत कुल 129 उपार्जन केंद्र बनाए गए हैं, जहां सुरक्षा और तौल के कड़े इंतजाम रहेंगे।
‘तुंहर टोकन’ ऐप से 24 घंटे मिलेगी सुविधा
किसानों को समितियों में लंबी लाइनों से बचाने के लिए शासन ने इस वर्ष भी ‘तुंहर टोकन’ मोबाइल ऐप के माध्यम से ऑनलाइन टोकन की व्यवस्था की है।
पंजीयन प्रक्रिया: किसान गूगल प्ले स्टोर से ऐप डाउनलोड कर ओटीपी आधारित पंजीकरण कर सकते हैं।
70:30 का फॉर्मूला: प्रतिदिन की कुल निर्धारित खरीदी सीमा का 70 प्रतिशत टोकन ऐप के माध्यम से ऑनलाइन और 30 प्रतिशत टोकन संबंधित सहकारी समिति से ऑफलाइन मिलेंगे।
समय की बचत: पंजीकृत किसान ऐप के जरिए 24 घंटे घर बैठे अपनी मर्जी की तारीख चुनकर टोकन जनरेट कर सकते हैं।
रकबे के आधार पर तय की गई टोकन की सीमा
निर्धारित 70 प्रतिशत ऑनलाइन कोटे में से 80 प्रतिशत टोकन लघु एवं सीमांत किसानों के लिए तथा 20 प्रतिशत टोकन बड़े किसानों के लिए आरक्षित रहेंगे:
लघु किसान (2 एकड़ तक): अधिकतम 1 टोकन जारी होगा।
सीमांत किसान (2 से 10 एकड़ तक): अधिकतम 2 टोकन मिलेंगे।
बड़े किसान (10 एकड़ से अधिक): इन्हें कुल 3 टोकन देने का प्रावधान है।
किसान ऐप में धान की मात्रा स्वयं दर्ज कर आसानी से टोकन पा सकेंगे।
हेल्पलाइन नंबर जारी
धान विक्रय या टोकन प्राप्त करने में किसी भी प्रकार की तकनीकी खराबी या समस्या आने पर किसान शासन द्वारा जारी राज्य स्तरीय हेल्पलाइन नंबर 1800-233-3663 पर संपर्क कर समाधान पा सकते हैं।