तेज रफ्तार मोटरसाइकिल ने दंपत्ति को मारी टक्करपति-पत्नी गंभीर रूप से घायल


सक्ती – सक्ती थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम नवापारा कला में बोराई नदी पुल के ऊपर एक तेज रफ्तार मोटरसाइकिल चालक ने लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते हुए सामने से आ रही बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। इस सड़क हादसे में बाइक पर सवार पति-पत्नी दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
लापरवाही से लहराते हुए आ रही थी बाइक
शिकायतकर्ता गोपाल प्रसाद मैत्री निवासी शांति नगर रूमगरा, कोरबा ने पुलिस को बताया कि 21 अक्टूबर 2026 की सुबह वह अपनी पत्नी खुशीला मैत्री के साथ अपनी मोटरसाइकिल सुपर स्प्लेण्डर क्र. CG-12-BQ-5400 से एक अंतिम संस्कार में शामिल होने सेमराडीह जा रहे थे। जैसे ही वे ग्राम नवापारा कला के पास बोराई नदी पुल पर पहुंचे, सामने से आ रही एक अन्य मोटरसाइकिल का चालक अपने वाहन को तेज रफ्तार में लहराते हुए लाया और उनकी बाइक को सीधे टक्कर मार दी।
पति का पैर फ्रैक्चर, पत्नी को भी आई गंभीर चोटें
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दंपत्ति बाइक सहित सड़क पर गिर पड़े। हादसे में गोपाल प्रसाद के दाएं पैर और पैर की उंगली में फ्रैक्चर हो गया है। वहीं उनकी पत्नी खुशीला के दाएं पसली और बाएं बांह की मांसपेशियों में गंभीर चोटें आई हैं। घटना के तुरंत बाद डायल 112 की टीम ने दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सक्ती पहुंचाया, जहां से उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। फिलहाल घायल दंपत्ति का इलाज कोरबा के मीना जैन मेमोरियल अस्पताल में चल रहा है।
पुलिस ने दर्ज की एफआईआर
पीड़ित गोपाल प्रसाद ने बताया कि तबीयत में सुधार न होने और आरोपी चालक द्वारा इलाज का खर्च न उठाने के कारण रिपोर्ट दर्ज कराने में देरी हुई। ठीक होने के बाद 9 नवंबर 2026 को उन्होंने थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने दुर्घटना कारित करने वाले मोटरसाइकिल क्रमांक CG-11-BN-5649 के चालक अतुल गवेल निवासी ग्राम सकर्री के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 की धारा 125(b) और 281 के तहत मामला पंजीकृत कर जांच शुरू कर दी है।
