पोरथा – भाठापारा में रात के अंधेरे में पड़ोसी के घर चोरी की कोशिश जागने पर आरोपी लोहे की रॉड छोड़कर भागा: मामला दर्ज

सक्ती – सक्ती जिला अंतर्गत थाना सक्ती क्षेत्र के ग्राम पोरथा- भाठापारा में रात के समय एक घर में घुसकर चोरी करने का प्रयास करने वाले पड़ोसी के खिलाफ पुलिस ने मामला दर्ज किया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रार्थी कार्तिकराम सिदार ने पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि दिनांक 9 नवंबर 2026 की रात वह अपने परिवार के साथ खाना खाकर सो गया था। रात को घर का दरवाजा खोलकर अंदर कमरे में रखी पेटी से आवाज आने पर उसकी पत्नी पूजा सिदार ने उसे जगाया। जब प्रार्थी ने उठकर देखा, तो उसका पड़ोसी प्रहलाद चौहान उर्फ बाबेन चोरी की नीयत से कमरे में रखी पेटी के ताले को लोहे की रॉड से तोड़ने का प्रयास कर रहा था।
प्रार्थी के चिल्लाने पर आरोपी वहां से भागने लगा। शोर सुनकर प्रार्थी के पिता और अन्य पड़ोसी राहुल चौहान व धनराज टण्डन भी जाग गए और उन्होंने आरोपी को दौड़ाया, लेकिन वह अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में सफल रहा। प्रार्थी ने बताया कि आरोपी ने पहले भी उसका मोबाइल चोरी किया था, जिसे उस समय समझाइश देकर छोड़ दिया गया था।
सक्ती पुलिस ने इस मामले में आरोपी प्रहलाद चौहान के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 की धारा 331(4) और 62 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
