पानी के विवाद में शिक्षक पर हमला, दांत से काटा अंगूठाआरोपी के खिलाफ मामला दर्ज

सक्ती – ग्राम खर्रीपारा दमाउधारा में पानी के विवाद को लेकर एक सरकारी स्कूल के शिक्षक के साथ मारपीट और गाली-गलौज करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
टहलते समय किया हमला
शिकायत के अनुसार, शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला रैनखोल में पदस्थ शिक्षक अमित कुमार पटेल 50 वर्ष अपने घर के बाहर टहल रहे थे। इसी दौरान गांव का ही रहने वाला आरोपी किशन यादव वहां पहुंचा। उसने नाली में बह रहे टंकी के पानी को बांधने की बात को लेकर विवाद शुरू कर दिया और शिक्षक को मां-बहन की गंदी-गंदी गालियां देनी शुरू कर दीं।
दांत से चबाया अंगूठा, गला दबाने की कोशिश
विवाद बढ़ने पर आरोपी किशन यादव ने शिक्षक अमित कुमार को जान से मारने की धमकी दी। उसने शिक्षक के साथ धक्का-मुक्की की और उनका गला दबा दिया। इतना ही नहीं, आरोपी ने शिक्षक के दाहिने हाथ के अंगूठे को अपने दांतों से बुरी तरह काट लिया, जिससे खून बहने लगा और वे गंभीर रूप से घायल हो गए।
गांव वालों ने बीच-बचाव कर बचाई जान
घटना के वक्त चीख-पुकार सुनकर गांव के ही यश डनसेना और कचरा तुरिया मौके पर पहुंचे। उन्होंने बीच-बचाव कर शिक्षक की जान बचाई।
थाने में मामला दर्ज
घटना के बाद पीड़ित शिक्षक ने सोमवार रात को नगरदा थाने पहुंचकर मामला दर्ज कराया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी किशन यादव के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 की धारा 115(2), 296 और 351(3) के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
