सक्ती जिले में 15 नवंबर से शुरू होगी समर्थन मूल्य पर धान खरीदी, 129 उपार्जन केंद्रों में तैयारियां पूरी


इस वर्ष धान कॉमन का मूल्य 2441 रुपये और ग्रेड-ए का 2461 रुपये प्रति क्विंटल तय
टोकन तुंहर हाथ ऐप से मिलेगी कतारों से मुक्ति, प्रति एकड़ 21 क्विंटल खरीदी की सीमा निर्धारित
सक्ती- खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत सक्ती जिले के किसानों के लिए राहत भरी खबर है। शासन के निर्देशानुसार जिले की 96 सहकारी समितियों के अंतर्गत आने वाले सभी 129 उपार्जन केंद्रों में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। इस वर्ष धान की सरकारी खरीदी 15 नवंबर से शुरू होकर 15 जनवरी तक चलेगी।
समर्थन मूल्य में बढ़ोतरी, प्रति एकड़ 21 क्विंटल की सीमा
शासन द्वारा चालू खरीफ वर्ष के लिए धान के समर्थन मूल्य घोषित कर दिए गए हैं। इस वर्ष धान कॉमन का समर्थन मूल्य 2441 रुपये प्रति क्विंटल और धान ग्रेड-ए का समर्थन मूल्य 2461 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है। पारदर्शिता बनाए रखने के लिए इस बार भी धान की खरीदी पूरी तरह बायोमेट्रिक आधारित प्रणाली (अंगूठे के निशान) से की जाएगी। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि इस वर्ष प्रति एकड़ धान खरीदी की अधिकतम सीमा लिंकिंग सहित 21 क्विंटल तय की गई है।
‘टोकन तुंहर हाथ’ ऐप से समय की बचत, रकबे के अनुसार मिलेंगे टोकन
समितियों में टोकन कटाने के लिए लगने वाली लंबी कतारों से किसानों को निजात दिलाने और उनके समय की बचत के लिए शासन ने ‘टोकन तुंहर हाथ’ मोबाइल ऐप की सुविधा को और अपग्रेड किया है। किसान घर बैठे ही इस ऐप के माध्यम से अपनी सुविधानुसार तारीख का चयन कर टोकन बुक कर सकते हैं।
रकबे के आधार पर टोकन की संख्या इस प्रकार निर्धारित की गई है:
लघु एवं सीमांत किसान (2 एकड़ तक): अधिकतम 1 टोकन
मध्यम किसान (2 से 10 एकड़ तक): अधिकतम 2 टोकन
दीर्घ कृषक (10 एकड़ से अधिक): अधिकतम 3 टोकन के माध्यम से अपनी उपज बेच सकेंगे।
हेल्पलाइन नंबर जारी, समस्याओं का होगा त्वरित समाधान
धान खरीदी के दौरान टोकन संबंधी दिक्कतों, पंजीयन अथवा धान बिक्री में आने वाली किसी भी प्रकार की तकनीकी या व्यावहारिक समस्याओं के निराकरण के लिए शासन द्वारा राज्य स्तरीय हेल्पलाइन नंबर जारी किया गया है। किसान भाई 1800-233-3663 पर कॉल करके सीधे अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं या आवश्यक जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। जिला प्रशासन ने सभी केंद्र प्रभारियों को मुस्तैदी से काम करने और किसानों को हरसंभव सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए हैं।
