सक्ती में गुरुनानक जयंती पर हुआ विशाल लंगर देर शाम निकली भव्य शोभायात्रा


सक्ती – प्रथम सिख गुरु श्री गुरु नानक देव जी के 556वें प्रकाश पर्व के अवसर पर गुरुद्वारा सिंह सभा सक्ती में भक्ति, श्रद्धा और सेवा भावना का अद्भुत संगम देखने को मिला। प्रातः से ही गुरुद्वारे में सुखमनी साहिब पाठ, भजन-कीर्तन और गुरु वाणी के मधुर स्वर गूंजते रहे। दोपहर में श्रद्धालुओं के लिए विशाल लंगर का आयोजन किया गया, जिसमें नगर सहित आसपास के क्षेत्रों से आए सैकड़ों श्रद्धालुओं ने सम्मिलित होकर गुरु प्रसाद ग्रहण किया। लंगर के बाद देर शाम नगर में भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें सजे हुए रथों पर गुरु नानक देव जी के उपदेशों की झांकियाँ आकर्षण का केंद्र रहीं। शोभायात्रा में पंज प्यारे, निशान साहिब और बड़ी संख्या में सिख समाज के श्रद्धालु शामिल रहे। शोभायात्रा नगर के प्रमुख मार्गों — हटरी, नवधा चौक, कचहरी चौक, गौरव पथ रोड, हॉस्पिटल चौक सहित विभिन्न स्थानों से गुजरते हुए गुरुद्वारा परिसर पहुँची। मार्ग में जगह-जगह नागरिकों ने पुष्प वर्षा कर स्वागत किया और गुरु नानक देव जी के जयकारे से पूरा वातावरण गुंजायमान हो उठा। शोभायात्रा में गतका पार्टी के युवाओं ने तलवारबाज़ी, भाला एवं दंड युद्ध कला का शानदार प्रदर्शन कर उपस्थित जनसमूह को रोमांचित कर दिया। आयोजन समिति के अध्यक्ष सुरेश कृपलानी ने बताया कि गुरु नानक देव जी के उपदेश आज भी मानवता के लिए मार्गदर्शन हैं। उन्होंने समाज को सेवा, समानता और भाईचारे का जो संदेश दिया, वही आज के समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने आगे कहा कि हर वर्ष इस पर्व पर सक्ती नगर में उत्साह बढ़ता जा रहा है, और यह धार्मिक एकता व सौहार्द का प्रतीक बन गया है। गुरुद्वारा प्रबंधन समिति के सदस्यों सहित सभी श्रद्धालुओं का विशेष योगदान रहा। शोभायात्रा के दौरान एएसपी हरीश यादव भी मौजूद रहे और उन्होंने गुरु ग्रन्थ साहिब के आगे मत्था टेक पूजा अर्चना की। कार्यक्रम में नगर के गणमान्य नागरिक, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि, महिलाएँ, युवा एवं श्रद्धालु बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
गुरु नानक जयंती पर मारवाड़ी समाज की महिलाओं ने गुरुद्वारे में पहुंचकर टेका मत्था
5 नवंबर को कार्तिक पूर्णिमा के शहर की मारवाड़ी समाज की महिलाओं ने भी गुरुद्वारा भवन पहुंचकर समाज की महिलाओं को गुरु नानक जयंती पर्व की शुभकामनाएं देते हुए मत्था टेका तथा पूरे क्षेत्र की सुख, समृद्धि की कामना भी की, इस दौरान प्रमुख रूप से मारवाड़ी युवा मंच शक्ति शाखा की पूर्व अध्यक्ष श्रीमती रीना नरेश गेवाड़ीन, श्रीमती रश्मि प्रकाश अग्रवाल, श्रीमती हरीश अग्रवाल, श्रीमती सोनू शर्मा, श्रीमती राखी अग्रवाल, श्रीमती रेखा बंसल, श्रीमती विकास अग्रवाल, श्रीमती प्रीति विकास गर्ग, श्रीमती आलोक अग्रवाल सहित काफी संख्या में महिला सदस्य मौजूद थे गुरुद्वारा भवन में आयोजित गुरु नानक जयंती पर्व पर लंगर के कार्यक्रम में भी मारवाड़ी समाज की महिलाओं ने शामिल होकर प्रसाद ग्रहण किया तथा इस अवसर पर शहर की पूज्य सिंधी पंचायत एवं सिख समाज द्वारा किए जाने वाले ऐसे आयोजनों की भी प्रशंसा की।


