सक्ती

रामलला तीर्थ दर्शन योजना: यात्रियों का कोटा बढ़ाने प्रभारी मंत्री को कराया स्मरण

प्रभारी मंत्री खुशवंत साहेब के आश्वासन से जगी आस, सांसद कमलेश जांगड़े ने भी जताई सहमति

रामलला तीर्थ दर्शन योजना: यात्रियों का कोटा बढ़ाने प्रभारी मंत्री को कराया स्मरण kshititech

सक्ती- छत्तीसगढ़ सरकार की महत्वाकांक्षी ‘श्रीरामलला दर्शन (अयोध्या धाम) योजना’ के तहत सक्ती जिले के तीर्थयात्रियों का कोटा बढ़ाए जाने की उम्मीद एक बार फिर जगी है। जिला प्रभारी मंत्री खुशवंत साहेब के सकारात्मक आश्वासन के बाद जिले से लाभार्थियों की संख्या 36 से बढ़कर 100 होने की संभावना प्रबल हो गई है।
हिंदू जागरण मंच के जिला प्रमुख एवं उच्च न्यायालय अधिवक्ता चितरंजय पटेल ने इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि सक्ती जिले से तीर्थयात्रियों की संख्या बढ़ाने के लिए प्रभारी मंत्री को पूर्व में एक ज्ञापन सौंपा गया था। मंत्री के नगर आगमन पर अधिवक्ता पटेल ने उन्हें इस विषय का पुनः स्मरण कराया और जिले के श्रद्धालुओं की भावनाओं को देखते हुए कोटा शीघ्र 100 करने का आग्रह किया। इस पर प्रभारी मंत्री खुशवंत साहेब ने गंभीरता दिखाते हुए जल्द ही उचित कार्यवाही करने का आश्वासन दिया है।
सांसद ने भी कोटे को बताया अत्यंत कम
इस अवसर पर मौजूद जांजगीर-चांपा सांसद कमलेश जांगड़े ने भी इस मांग का समर्थन किया। उन्होंने सक्ती जिले के लिए निर्धारित वर्तमान लाभार्थियों की संख्या को अन्य जिलों की तुलना में अत्यंत न्यून बताते हुए इस दिशा में समुचित पहल करने की बात कही।
पड़ोसी जिलों की तुलना में असमानता
गौरतलब है कि पड़ोसी जिलों में तीर्थयात्रियों का कोटा सक्ती की तुलना में कहीं अधिक है। वर्तमान में रायगढ़ जिले के लिए 250 और जांजगीर-चांपा जिले के लिए 180 यात्रियों का कोटा निर्धारित है, जबकि नवगठित सक्ती जिले को महज 36 सीटें ही आवंटित की गई हैं। स्थानीय श्रद्धालु लंबे समय से इसे जिले के साथ अन्याय बताते हुए कोटा बढ़ाने की मांग कर रहे थे। अब प्रभारी मंत्री और सांसद की पहल से अंचल के रामभक्तों में न्याय मिलने की नई आस जगी है।