सक्ती

आरटीओ चालान के नाम पर साइबर ठगी: APK फाइल डाउनलोड करते ही किसान के खाते से उड़े 1.09 लाख रुपये

डभरा थाना क्षेत्र का मामला; 16 अलग-अलग किस्तों में निकाली गई पूरी रकम, पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ दर्ज किया अपराध

सक्ती –  साइबर ठगों ने ऑनलाइन आरटीओ चालान का झांसा देकर एक किसान के बैंक खाते से एक लाख रुपये से अधिक की रकम पार कर दी। डभरा पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
क्या है पूरा मामला?
नगर पंचायत डभरा के वार्ड नंबर 12 निवासी दिव्य भूषण जगत (35 वर्ष), जो पेशे से किसान हैं, ने थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत के अनुसार, 3 अक्टूबर 2026 को उनके मोबाइल पर ऑनलाइन आरटीओ चालान से जुड़ी एक ‘एपीके’ (APK) फाइल आई थी। चालान की जानकारी देखने के लिए जैसे ही उन्होंने फाइल को टच किया, वह उनके फोन में डाउनलोड हो गई।
अनइंस्टॉल करने की कोशिश रही नाकाम
ठगी की आशंका होने पर दिव्य भूषण ने तुरंत उस संदिग्ध फाइल को अनइंस्टॉल करने का प्रयास किया, लेकिन वह फोन से नहीं हटी। इसके कुछ दिनों बाद, 7 अक्टूबर 2026 को ठगों ने उनके इंडियन बैंक (शाखा डभरा) के खाते में सेंध लगा दी। साइबर अपराधियों ने अलग-अलग 16 किस्तों में उनके खाते से कुल 1,09,518.35 रुपये ऑनलाइन निकाल लिए।
पुलिस की कार्रवाई
घटना के बाद पीड़ित ने साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई थी। इसके बाद 13 नवंबर 2026 को डभरा थाने में लिखित आवेदन दिया गया। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध सूचना प्रौद्योगिकी (संशोधन) अधिनियम 2008 की धारा 66C, 66D और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4) के तहत अपराध दर्ज किया है। मामले की विवेचना सहायक उप निरीक्षक शंकर लाल साहू द्वारा की जा रही है।