सक्ती

धान खरीदी की तैयारियों को लेकर उपार्जन केंद्र स्तरीय नोडल अधिकारियों का प्रशिक्षण आयोजित

कलेक्टर श्रीमती जयश्री जैन की अध्यक्षता में आयोजित प्रशिक्षण में धान खरीदी की व्यवस्था एवं आवश्यक प्रक्रियाओं की दी गई जानकारी

खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में 15 नवंबर से समर्थन मूल्य पर शुरू होगी धान खरीदी

धान खरीदी की तैयारियों को लेकर उपार्जन केंद्र स्तरीय नोडल अधिकारियों का प्रशिक्षण आयोजित kshititech

सक्ती – खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की तैयारियों को लेकर कलेक्टर श्रीमती जयश्री जैन की अध्यक्षता में जिले के सभी धान खरीदी उपार्जन केंद्रो के लिए नियुक्त उपार्जन केंद्र स्तरीय नोडल अधिकारियों का प्रशिक्षण कार्यक्रम कलेक्ट्रेट कार्यालय सभाकक्ष में आयोजित किया गया। इस दौरान धान खरीदी की व्यवस्था को सुचारू, पारदर्शी एवं व्यवस्थित रूप से संपन्न कराने के लिए उपार्जन केंद्र नोडल अधिकारियों की भूमिका, जिम्मेदारियों तथा आवश्यक प्रक्रियाओं के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई।
          प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों को धान की स्टैकिंग, बोरों की काउंटिंग, धान उपार्जन की प्रक्रिया, बारदाना व्यवस्था एवं भौतिक सत्यापन सहित खरीदी से संबंधित विभिन्न महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं। साथ ही निर्देशित किया गया कि सभी संबंधित उपार्जन केंद्र स्तरीय नोडल अधिकारी निर्धारित चेकलिस्ट के अनुसार अपने-अपने केंद्रों में सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें तथा खरीदी कार्य की नियमित निगरानी करें। किसानों को धान विक्रय के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसका विशेष ध्यान रखने के निर्देश भी कलेक्टर द्वारा दिए गए। इस दौरान अपर कलेक्टर नवीन भगत, अपर कलेक्टर के एस पैकरा, जिला खाद्य अधिकारी, जिला मार्कफेड अधिकारी, जिला सहकारिता अधिकारी सहित सभी संबंधित उपार्जन केंद्र स्तरीय नोडल अधिकारी उपस्थित रहे।
            प्रशिक्षण के दौरान कलेक्टर ने बताया कि शासन के निर्णय अनुसार अब उन किसानों को भी कृषक उन्नति योजना का पूरा लाभ मिलेगा, जो किसी कारणवश प्रति एकड़ निर्धारित 21 क्विंटल से कम धान का विक्रय करते हैं। योजना के तहत प्रत्येक पात्र किसान को प्रति एकड़ 13,839 रुपए की पूरी आदान सहायता राशि का लाभ मिलेगा। इससे किसानों को आर्थिक राहत मिलेगी। प्रशिक्षण में कलेक्टर ने कहा कि सभी संबंधित अधिकारी अपने-अपने क्षेत्र के धान खरीदी केंद्रों में चेकलिस्ट के अनुसार सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें, ताकि धान खरीदी का कार्य सुचारू एवं व्यवस्थित रूप से संपन्न हो सके। उन्होंने स्टैकिंग कार्य, धान की बोरियों की गिनती एवं भौतिक सत्यापन सही तरीके से कराने के निर्देश दिए। साथ ही विद्युत व्यवस्था, पर्याप्त बारदाना, कर्मचारियों एवं हमालों आदि की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा।
          कलेक्टर ने कहा कि धान खरीदी से संबंधित किसी भी प्रकार की समस्या आने पर संबंधित जिला अधिकारियों, नोडल अधिकारियों एवं तहसीलदारों से समन्वय कर उसका समय पर निराकरण सुनिश्चित कराएं। उन्होंने गांव-गांव में जमीनी स्तर पर मुनादी कराने तथा पोस्टर-बैनर के माध्यम से किसानों को टोकन प्रक्रिया, आदान सहायता राशि एवं धान खरीदी से जुड़ी अन्य आवश्यक जानकारियों का प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी खरीदी केंद्रों में किसानों के लिए पेयजल, छाया सहित अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा धान की तौल एवं गुणवत्ता परीक्षण में पारदर्शिता बनाए रखने को भी कहा।
         उल्लेखनीय है कि शासन द्वारा खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की अवधि 15 नवंबर 2026 से 15 जनवरी 2027 तक निर्धारित की गई है। धान खरीदी के लिए जिले की 96 सहकारी समितियों के अंतर्गत कुल 129 धान उपार्जन केंद्र बनाए गए हैं। किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए इस वर्ष 03 नवीन धान उपार्जन केंद्र प्रारंभ किए गए हैं। किसान समिति में टोकन प्राप्त करने के साथ ही शासन द्वारा उपलब्ध कराए गए तुंहर टोकन मोबाइल ऐप के माध्यम से पंजीकृत किसान 24×7 घर बैठे ऑनलाइन टोकन प्राप्त कर सकते हैं। इस वर्ष धान कॉमन का समर्थन मूल्य 2441 रुपए प्रति क्विंटल एवं धान ग्रेड-ए का समर्थन मूल्य 2461 रुपए प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है। प्रति एकड़ धान खरीदी की अधिकतम सीमा 21 क्विंटल लिंकिंग सहित निर्धारित की गई है। साथ ही धान की खरीदी बायोमेट्रिक आधारित प्रणाली से की जाएगी। जिससे प्रत्येक पात्र किसानों को उनके उपज का पूरा लाभ दिलाया जा सके।