सक्ती

ज्ञानकुंज पब्लिक स्कूल में बाल दिवस पर ‘आनंद मेला’ आयोजित

सक्ती / सकरेली – बाल दिवस के अवसर पर ज्ञानकुंज पब्लिक स्कूल, सकरेली (ब) में भव्य ‘आनंद मेला’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के पूजन और अतिथियों के स्वागत के साथ हुआ। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य बच्चों के व्यक्तित्व विकास के साथ-साथ उन्हें खेल-खेल में व्यावहारिक ज्ञान प्रदान करना था।
कार्यक्रम के उद्घाटन अवसर पर अशासकीय विद्यालय प्रबंधक कल्याण संघ के छत्तीसगढ़ प्रदेश अध्यक्ष एवं उच्च न्यायालय के अधिवक्ता चितरंजय पटेल ने बच्चों और अभिभावकों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि बाल दिवस बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य और सुरक्षा के प्रति सामाजिक जागरूकता फैलाने का पर्व है। यह दिन हमें अपने भीतर के मासूम बच्चे को जीवित रखने और हर बच्चे के जीवन में खुशियां भरने का संकल्प दिलाता है।
समारोह के मुख्य अतिथि विकास खंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) दिलीप पटेल ने कहा कि बच्चे देश का भविष्य हैं और उनका सर्वांगीण विकास करना हम सभी का दायित्व है। उन्होंने आनंद मेला की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से बच्चों में स्वाभाविक रूप से व्यावसायिक प्रतिभा विकसित होती है।
विद्यालय के संचालक डी.सी. साहू ने स्वागत भाषण देते हुए कहा कि आनंद मेले के माध्यम से बच्चे मनोरंजन के साथ-साथ मार्केटिंग स्किल और आत्मनिर्भरता के गुर सीखते हैं। अंत में वैष्णव ने कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सभी अतिथियों और अभिभावकों के प्रति आभार व्यक्त किया।
मेले को सफल बनाने में विद्यालय प्रबंधन के साथ ही सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं और विद्यार्थियों की सक्रिय सहभागिता रही। मेले में बच्चों द्वारा लगाए गए विभिन्न स्टॉलों का अभिभावकों और अतिथियों ने जमकर आनंद लिया।