भदरी चौक के पास खड़े हाईवा से दो बैटरियां चोरी, 16 हजार का नुकसान

हड़ताल के कारण खड़े वाहन को अज्ञात चोरों ने बनाया निशाना, पुलिस ने दर्ज किया अपराध
सक्ती – डभरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम फगुरम स्थित भदरी चौक के पास खड़े एक हाईवा वाहन से अज्ञात चोरों ने दो बैटरियां पार कर दीं। चोरी गई बैटरियों की कुल कीमत लगभग 16 हजार रुपये आंकी गई है। वाहन मालिक की रिपोर्ट पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
हड़ताल के चलते खड़ा किया गया था वाहन
ग्राम धोबनीपाली निवासी ट्रांसपोर्टर रजनीश चन्द्रा (पिता करण सिंह चन्द्रा) ने चौकी फगुरम (थाना डभरा) में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि उनके पांच हाईवा वाहन नगझर स्थित चन्द्रा क्रेशर में चलते हैं। 12 नवंबर की सुबह ड्राइवर संघ की हड़ताल होने के कारण चालक ने हाईवा क्रमांक CG 11 BH 4850 को ग्राम फगुरम भदरी चौक स्थित खान टायर दुकान के पीछे खड़ा कर दिया था और इसकी जानकारी मोबाइल पर दी थी।
सुबह वाहन देखने पहुंचे तो गायब थीं बैटरियां
अगले दिन 13 नवंबर की सुबह जब रजनीश चन्द्रा अपने हाईवा को देखने पहुंचे, तो वाहन से दोनों बैटरियां गायब मिलीं। अज्ञात चोरों ने रात के अंधेरे का फायदा उठाकर हाईवा से एक एक्साइड (Exide) कंपनी की बैटरी (कीमत लगभग 8,000 रुपये) और एक एमरॉन (Amaron) कंपनी की बैटरी (कीमत लगभग 8,000 रुपये) चोरी कर ली थी।
जांच में जुटी पुलिस
प्रार्थी की शिकायत पर डभरा पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 303(2) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। मामले की विवेचना उप-निरीक्षक अनवर अली द्वारा की जा रही है और आसपास के क्षेत्र में संदिग्धों की पतासाजी की जा रही है।
