व्यापम द्वारा मंडी उप निरीक्षक भर्ती परीक्षा 26 अप्रैल 2026 को होगा आयोजित

अभ्यर्थियों के लिए महत्वपूर्ण दिशा निर्देश जारी
सक्ती – छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल, व्यापम द्वारा 16 जिलों में दिनांक 26 अप्रैल 2026 को छत्तीसगढ़ राज्य कृषि विपणन (मंडी) बोर्ड अंतर्गत उप निरीक्षक भर्ती परीक्षा 2026 का आयोजन किया जा रहा है। इस परीक्षा में लगभग 2 लाख 47 हजार अभ्यर्थी शामिल हो रहे हैं। जिलावार अभ्यर्थियों एवं परीक्षा केन्द्रों की संख्या संलग्न सूची के अनुसार है। यद्यपि यह परीक्षा 16 जिलों में आयोजित की जा रही है, तथापि इसमें राज्य के सभी 33 जिलों के अभ्यर्थी सम्मिलित हो रहे हैं। अभ्यर्थियों के लिए परीक्षा संबंधी आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं, अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे परीक्षा के एक दिन पूर्व अपने परीक्षा केन्द्र का अनिवार्य रूप से अवलोकन कर लें, ताकि परीक्षा दिवस पर किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। साथ ही अभ्यर्थियों को परीक्षा प्रारंभ होने के कम से कम 2 घंटे पूर्व परीक्षा केन्द्र में पहुंचना होगा, जिससे उनकी फ्रिस्किंग एवं फोटो युक्त मूल पहचान पत्र से सत्यापन की प्रक्रिया समय पर पूर्ण की जा सके। यह परीक्षा प्रातः 10 बजे से 12.15 बजे तक आयोजित की जाएगी। अभ्यर्थियों के लिए परीक्षा केन्द्र का मुख्य द्वार प्रातः 9.30 बजे बंद कर दिया जाएगा, जिसके पश्चात किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी। इसलिए निर्धारित समय का विशेष ध्यान रखने की अपील की गई है।
हल्के रंग के कपड़े, चप्पल ही मान्य, आभूषण और इलेक्ट्रॉनिक सामान प्रतिबंधित
परीक्षा में अनुशासन एवं सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए अभ्यर्थियों के लिए ड्रेस कोड भी निर्धारित किया गया है। अभ्यर्थियों को हल्के रंग के आधी बांह वाले कपड़े पहनकर परीक्षा देने आने के निर्देश दिए गए हैं, जबकि काले, गहरे नीले, हरे, जामुनी, मैरून, बैंगनी एवं गहरे चॉकलेटी रंग के कपड़े पहनना प्रतिबंधित रहेगा। धार्मिक एवं सांस्कृतिक पोशाक पहनकर आने वाले अभ्यर्थियों को निर्धारित समय से पहले उपस्थित होकर अतिरिक्त सुरक्षा जांच से गुजरना होगा। फुटवियर के रूप में केवल चप्पल पहनने की अनुमति दी गई है। साथ ही कान में किसी भी प्रकार के आभूषण पहनना पूर्णतः वर्जित रहेगा। परीक्षा कक्ष में किसी भी प्रकार के संचार उपकरण, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, इलेक्ट्रॉनिक घड़ी, पर्स, पाउच, स्कार्फ, बेल्ट, टोपी आदि ले जाना पूरी तरह प्रतिबंधित किया गया है।परीक्षा में अनुचित साधनों के उपयोग पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी तथा संबंधित अभ्यर्थी की अभ्यर्थिता समाप्त कर दी जाएगी। अभ्यर्थियों को निर्देशित किया गया है कि वे परीक्षा केन्द्र में केवल काले या नीले बॉल पॉइंट पेन के साथ ही उपस्थित हों। प्रशासन द्वारा सभी अभ्यर्थियों से इन निर्देशों का पालन करने एवं परीक्षा को सुचारू एवं व्यवस्थित रूप से संपन्न कराने में सहयोग करने की अपील की गई है।


