सक्ती

राधा कृष्ण मंदिर ऑफीसर कॉलोनी सक्ती में गणेश उत्सव धूमधाम के साथ मनाया जा रहा है

गणपति बप्पा के दरबार में गीत संगीत की सजी महफिल

सक्ती- राधाकृष्ण मंदिर, ऑफिसर्स कॉलोनी सक्ती में भगवान श्री गणेश की आरती में श्रद्धालुओं का सैलाब नजर आया जिसमें नारीशक्ति अपनी आरती की थाल सजा कर स्वयं सजी धजी नजर आई जो धर्म व अध्यात्म के दरबार के लिये अच्छा संदेश है।  विदित हो कि ऑफिसर्स कॉलोनी में सामूहिक रूप से गणेशोत्सव का आयोजन किया जा रहा है, जिसे लेकर बच्चों, महिलाओं एवं मोहल्लेवासियों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।
इस संबंध में अधिवक्ता चितरंजय पटेल ने बताया कि सक्ती नगर के विद्वान पंडित ओमप्रकाश चौबे के द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ भगवान श्री गणेश की मूर्ति स्थापना के साथ प्रतिदिन पूजन आरती विधि-विधान से संपन्न कराया जा रहा है तथा इसी क्रम में द्वितीय दिवस शुभ पंचमी में सामूहिक आरती पूजन के साथ गणपति बप्पा से क्षेत्र की सुख- समृद्धि की कामना की गई।
आरती पूजन के बाद ऑफिसर्स कॉलोनी निवासी प्रधान आरक्षक तेज कुमार गबेल ने जसगीतों की शानदार प्रस्तुति दी तो वहीं कॉलोनी निवासी रवि यादव के गणेश जी की आरती के साथ भक्तिमय भजनों की प्रस्तुति ने श्रद्धालुओं को झूमने पर मजबूर कर दिया और गणेशोत्सव का माहौल भक्तिमय हो उठा, पश्चात मांदर ढोलक आदि वाद्य यंत्रों के थाम पर आयोजन समिति के केशव बघेल, नरसिंह, रामेश्वर प्रसाद भैना, जे पी चंद्रा, ईश्वर साहू, मूलचंद चंद्रा आदि ने देर रात तक भजन कीर्तन के साथ शमां बांधकर गणपति बप्पा की सेवा किया।
कॉलोनी के पूर्व पार्षद समेलाल गबेल के द्वारा भजिया- जलेबी का प्रसाद श्री गणेश जी को अर्पित किया गया जिससे लोगों ने छक कर भोग प्रसाद का आनंद लिया।
गौरतलब है कि लंबे अरसे बात ऑफिसर्स कॉलोनी में सामूहिक गणेशोत्सव का आयोजन किया गया है फलस्वरूप गणेशोत्सव आयोजन को लेकर मोहल्लेवासियों में विशेष उत्साह है। गणपति पंडाल में बच्चों एवं महिलाओं की सक्रिय सहभागिता के साथ प्रतिदिन धार्मिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है।