सक्ती

दीपावली पर खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई

सक्ती जिले में मिठाई, मावा और पनीर के लिए गए नमूने, कई प्रतिष्ठानों को कारण बताओ नोटिस जारी

दीपावली पर खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई kshititech
दीपावली पर खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई kshititech

सक्ती –  आगामी दीपावली पर्व को देखते हुए जिले के आम नागरिकों को सुरक्षित, शुद्ध और गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद हो गया है। कलेक्टर के आदेश एवं उप संचालक खाद्य एवं औषधि प्रशासन के निर्देशानुसार जिले में विशेष सघन खाद्य सुरक्षा प्रवर्तन एवं जन जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इस विशेष अभियान के तहत संयुक्त जांच दल द्वारा विभिन्न प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण कर मिठाई, मावा, पनीर व अन्य खाद्य पदार्थों के सैंपल लिए जा रहे हैं। साथ ही नियमों की अनदेखी करने वाले कारोबारियों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए कारण बताओ नोटिस जारी किया जा रहा है।
इन प्रतिष्ठानों से लिए गए खाद्य पदार्थों के नमूने:
जांच दल द्वारा अभियान के दौरान जिले के विभिन्न क्षेत्रों से खाद्य पदार्थों के नमूने एकत्र कर उन्हें जांच के लिए राज्य प्रयोगशाला (स्टेट लैब) भेजा गया है। प्रमुख रूप से:
मितल ट्रेडर्स (सक्ती) सोनपापड़ी एवं सूजी
पिहू होटल (फगुरम) मिल्क केक
होटल देवराज  मलाई पेड़ा
मामा-भांजा होटल एंड स्वीट्स (सकर्रा) क्रीम रोल (स्वीट्स)
अन्नपूर्णा होटल (बाराद्वार) रसगुल्ला
मधुर स्वीट्स (जैजैपुर) चमचम
सूर्या होटल एंड स्वीट्स (हसौद) बूंदी लड्डू और कलाकंद
ननकीदाऊ मिष्ठान भंडार (हसौद) पेड़ा
महाराजा होटल (चंद्रपुर) बूंदी का नमूना
अधिकारियों ने बताया कि प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट आने के बाद यदि कोई भी खाद्य पदार्थ अमानक या मिलावटी पाया जाता है, तो संबंधित विक्रेता के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत कड़ी न्यायालयीन कार्यवाही की जाएगी।
मौके पर ही रैपिड टेस्ट, कई दुकानों को नोटिस:
अभियान के तहत संयुक्त दल ने अन्नपूर्णा स्वीट्स (चंद्रपुर), यादव होटल (चंद्रपुर), बीकानेर स्वीट्स (जैजैपुर), शिव शक्ति जोधपुर होटल, नटराज स्वीट्स, बनारसी होटल और छेदी होटल का भी सघन निरीक्षण किया। इस दौरान ‘रैपिड टेस्ट किट’ की मदद से मौके पर ही मिठाइयों और खोया (मावा) की शुद्धता की त्वरित जांच की गई। निरीक्षण के दौरान जिन फर्मों में खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के नियमों और शर्तों का पालन नहीं होता पाया गया, उन्हें तत्काल ‘कारण बताओ नोटिस’ जारी किया गया है। अधिकारियों के मुताबिक संतुष्टिजनक जवाब नहीं मिलने पर इन फर्मों के खिलाफ आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
जांच दल में ये रहे शामिल:
इस पूरी कार्रवाई को अंजाम देने वाले संयुक्त जांच दल में सक्ती तहसीलदार लीलाधर चंद्रा के नेतृत्व में राजस्व विभाग से नायब तहसीलदार जागृति आनंद एवं पद्म लोचन पटेल शामिल रहे। वहीं खाद्य सुरक्षा विभाग से अभिहित अधिकारी अहसान तिग्गा, खाद्य सुरक्षा अधिकारी निखिलेश साहू, शांतनु भट्टाचार्य एवं सरिता मरावी ने सक्रिय भूमिका निभाई।
व्यापारियों और उपभोक्ताओं से अपील:
खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने सभी खाद्य कारोबारियों को सख्त निर्देश दिए हैं कि वे नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करें। दुकानों में साफ-सफाई रखें, मिठाइयों को खुले में न रखें, अखाद्य (हानिकारक) रंगों का प्रयोग बिल्कुल न करें तथा बिना मिलावट के शुद्ध सामान ही तैयार करें। इसके साथ ही विभाग ने उपभोक्ताओं से भी सतर्क रहने की अपील की है। ग्राहकों से कहा गया है कि वे हमेशा सुरक्षित और मानक खाद्य पदार्थ ही खरीदें तथा पैकेज्ड सामान लेते समय लेबल और एक्सपायरी डेट को अच्छी तरह पढ़कर ही खरीदारी करें।