मालखरौदा बस स्टैंड पर युवक से गाली-गलौज और जानलेवा हमला

₹500 न देने पर आरोपी ने सर्जिकल ब्लेड और लोहे की रॉड से पीटा पुलिस ने दर्ज की एफआईआर
सक्ती – गायत्री मंदिर मालखरौदा बस स्टैंड के पास पैसे न देने पर एक युवक पर जानलेवा हमला करने और जबरन पैसे वसूलने का गंभीर मामला सामने आया है। इस घटना के बाद सक्ती पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
₹500 की मांग पूरी न होने पर किया हमला
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम रेड़ा (थाना डभरा) निवासी शुभम पटेल (30 वर्ष), जो रायगढ़ बिजली विभाग में असिस्टेंट ऑपरेटर के पद पर कार्यरत हैं, दिवाली की छुट्टियों में अपने भांजे को घर ले जाने के लिए सक्ती स्थित अपनी दीदी के घर आए थे। गुरुवार (5 नवंबर) शाम करीब 4:00 बजे जब शुभम मालखरौदा बस स्टैंड के पास एक पान ठेले पर खड़े थे, तभी अजय शर्मा नाम का एक व्यक्ति वहां पहुंचा। आरोपी ने शुभम से शराब पीने के लिए ₹500 की मांग की। जब शुभम ने पैसे देने से इनकार किया, तो आरोपी गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने लगा।
ब्लेड और लोहे की रॉड से किया वार
विवाद बढ़ने पर आरोपी अजय शर्मा ने अपने पास रखे सर्जिकल ब्लेड से शुभम के बाएं हाथ की कलाई पर हमला कर दिया, जिससे खून बहने लगा। इसके बाद आरोपी ने लोहे की रॉड से शुभम के बाएं पैर और कमर पर भी बुरी तरह मारपीट की। हमले से डरे-सहमे शुभम ने जान बचाने के लिए आरोपी को ₹300 दे दिए। घटना के दौरान पान ठेले और आसपास मौजूद लोगों ने बीच-बचाव किया, जिसके बाद आरोपी का नाम पता चला।
पुलिस ने दर्ज की एफआईआर
घटना के बाद पीड़ित ने अपने परिजनों को आपबीती सुनाई और थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। सक्ती थाने के हेड कांस्टेबल अश्वनी कुमार जायसवाल ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी अजय शर्मा के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 की धारा 118(1), 119(1), 296 और 351(3) के तहत प्राथमिकी (FIR No. 0458/2026) दर्ज कर ली है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
