विष्णु के पाती पाकर खुश हुईं लखपति दीदी गुलची सिदार, मुख्यमंत्री विष्णु भैया का जताया आभार

बीसी सखी बनकर गांव में दे रहीं बैंकिंग सेवाएं, मेहनत और लगन से बनीं आत्मनिर्भर

सक्ती – छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की ओर से शुभकामना संदेश के रूप में भेजी गई ‘विष्णु के पाती’ पाकर सक्ती जिले के ग्राम गड़गोढ़ी की लखपति दीदी गुलची सिदार बेहद खुश हैं। उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार जताया। गुलची सिदार ने बताया कि शासन की योजनाओं और महिला स्व-सहायता समूह से मिले सहयोग ने उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया है।
ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से संचालित छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन ‘बिहान’ से जुड़कर विकासखंड सक्ती के ग्राम गड़गोढ़ी निवासी जनजातीय महिला गुलची सिदार ने अपनी मेहनत और लगन से सफलता की नई पहचान बनाई है। बिहान योजना से जुड़ने से पहले वे अपने परिवार के साथ खेती और मनरेगा में मजदूरी कर जीवनयापन करती थीं। बाद में उन्हें बीसी सखी के रूप में बैंकिंग सेवाएं प्रदान करने का अवसर मिला। इसके लिए उन्होंने आवश्यक प्रशिक्षण प्राप्त किया और आईआईबीएफ की बैंकिंग परीक्षा भी उत्तीर्ण की।
भारतीय स्टेट बैंक के सहयोग से ग्राम अमलडीहा में एसबीआई सीएसपी केंद्र स्थापित कर वे ग्रामीणों को खाता खोलने, जमा-निकासी, बैंक स्टेटमेंट, पेंशन वितरण तथा महतारी वंदन योजना की राशि से संबंधित बैंकिंग सेवाएं उपलब्ध करा रही हैं। इससे ग्रामीणों को गांव में ही बैंकिंग सुविधाएं मिल रही हैं और उन्हें दूर शहर नहीं जाना पड़ता। गुलची सिदार के सीएसपी केंद्र में प्रतिवर्ष लगभग 50 से 70 लाख रुपये का लेन-देन होता है। बैंकिंग सेवाओं पर मिलने वाले कमीशन से उन्हें प्रतिमाह लगभग 15 से 18 हजार रुपये की आय प्राप्त हो रही है। इससे उनके परिवार की आर्थिक स्थिति बेहतर हुई है और वे अब ‘लखपति दीदी’ के रूप में अपनी पहचान बना चुकी हैं। गुलची सिदार बताती हैं कि बिहान योजना ने उनके जीवन को नई दिशा दी है। आज वे अपने परिवार की जिम्मेदारी निभाने के साथ-साथ गांव के लोगों को बैंकिंग सुविधाएं भी उपलब्ध करा रही हैं। उनकी सफलता की यह कहानी दर्शाती है कि शासन की योजनाओं से जुड़कर ग्रामीण महिलाएं आर्थिक रूप से सशक्त और आत्मनिर्भर बन सकती हैं।
