एकलव्य छात्रावास में 9वीं के छात्र की संदिग्ध मौत

बाथरूम में फंदे पर लटका मिला शव, परिजनों ने प्रबंधन पर लगाए गंभीर आरोप
सक्ती – जिले के ग्राम पलाड़ी खुर्द स्थित एकलव्य आदर्श बालक छात्रावास में गुरुवार सुबह एक छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से हड़कंप मच गया। छात्रावास में अध्ययनरत कक्षा 9वीं के छात्र उमेश कंवर का शव छात्रावास के बाथरूम में फंदे से लटका मिला। घटना की जानकारी मिलते ही छात्रावास प्रशासन में अफरा-तफरी मच गई। आनन-फानन में छात्र को सक्ती जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। जानकारी के अनुसार, गुरुवार सुबह छात्रावास के अन्य छात्र जब बाथरूम की ओर गए, तब उन्होंने उमेश को फंदे पर लटका देखा। इसके बाद छात्रावास प्रबंधन को सूचना दी गई। मृतक सक्ती जिले के ग्राम बासिन का निवासी था और अपने माता-पिता की इकलौती संतान था। बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। जिला अस्पताल पहुंचे परिजनों ने छात्रावास प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाते हुए लापरवाही के आरोप लगाए। उनका कहना है कि घटना के बाद न तो उन्हें समय पर सूचना दी गई और न ही पुलिस प्रशासन को तत्काल जानकारी दी गई। परिजनों का आरोप है कि यदि समय रहते उचित कदम उठाए जाते तो स्थिति कुछ और हो सकती थी। उन्होंने यह भी दावा किया कि छात्रावास की व्यवस्थाओं और प्रबंधन की लापरवाही को लेकर वे पहले भी कलेक्टर कार्यालय में शिकायत कर चुके हैं, लेकिन उस पर प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। मृतक के चाचा ने बताया कि परिवार ने बेटे के उज्ज्वल भविष्य और बेहतर शिक्षा की उम्मीद से उसे छात्रावास में भेजा था। परिवार का इकलौता बेटा इस तरह संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का शिकार हो जाएगा, इसकी किसी ने कल्पना भी नहीं की थी। घटना के बाद पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। इधर, मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन भी सक्रिय हो गया। सक्ती एसडीएम जिला अस्पताल पहुंचीं और आक्रोशित परिजनों से चर्चा कर उन्हें समझाने का प्रयास किया। प्रशासन का कहना है कि छात्र की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसकी हर पहलू से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्य और जांच के निष्कर्षों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

