सोशल मीडिया के माध्यम से शादी का झांसा देकर सोने के जेवरात एवं मोबाइल फोन की धोखाधड़ी करने वाला आरोपी गिरफ्तार

डभरा – थाना डभरा क्षेत्रांतर्गत महिला से संबंधित धोखाधड़ी के एक गंभीर प्रकरण में जिला पुलिस अधीक्षक सक्ती प्रफुल्ल ठाकुर के संवेदनशील एवं सख्त दृष्टिकोण के चलते त्वरित पुलिस कार्यवाही कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। प्रकरण में प्रार्थिया द्वारा थाना डभरा में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी कि आरोपी द्वारा फेसबुक एवं इंस्टाग्राम के माध्यम से उससे मित्रता स्थापित कर शादी का झांसा दिया गया तथा विश्वास में लेकर उससे रुपये-पैसा, सोने के जेवरात एवं मोबाइल फोन की धोखाधड़ी कर ली गई। प्रार्थिया की रिपोर्ट पर प्रकरण की गंभीरता को दृष्टिगत रखते हुए पुलिस अधीक्षक महोदय जिला सक्ती प्रफुल्ल ठाकुर द्वारा तत्काल टीम गठित कर आरोपी की पतासाजी एवं गिरफ्तारी हेतु निर्देशित किया गया। उक्त निर्देशों के परिपालन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जिला सक्ती पंकज पटेल एवं पुलिस अनुविभागीय अधिकारी डभरा-चंद्रपुर सुमित गुप्ता के कुशल मार्गदर्शन में थाना प्रभारी डभरा निरीक्षक कमल किशोर महतो द्वारा एक विशेष टीम गठित कर आरोपी की तलाश हेतु रायगढ़ रवाना किया गया। पुलिस टीम द्वारा तत्परता से कार्यवाही करते हुए आरोपी धरमदास चंद्रा पिता रेशमलाल चंद्रा, निवासी ग्राम सिंघरा, हाल मुकाम रायगढ़ को धोखाधड़ी में प्रयुक्त सोने के जेवरात, रुपये-पैसा एवं घटना में प्रयुक्त वाहन के साथ विधिवत गिरफ्तार किया गया। उक्त आरोपी के विरुद्ध वैधानिक कार्यवाही करते हुए उसे माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया है।


