राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर अपर कलेक्टर ने दिलाई मतदान की शपथ, नए मतदाताओं को वितरित किए ईपिक कार्ड


सक्ती – राष्ट्रीय मतदाता दिवस 2026 के अवसर पर आज कलेक्ट्रेट परिसर के सभाकक्ष में जिला स्तरीय राष्ट्रीय मतदाता दिवस कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता एवं मां सरस्वती के तैलचित्र पर दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस वर्ष 16वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस का थीम ‘मेरा भारत, मेरा वोट’ है। कार्यक्रम के दौरान भारत निर्वाचन आयोग के मुख्य निर्वाचन आयुक्त का वीडियो संदेश प्रदर्शित किया गया। इस अवसर पर अपर कलेक्टर बीरेंद्र लकड़ा ने नवमतदाताओं तथा अधिकारियों-कर्मचारियों को एक मतदाता के रूप में सजगता एवं निष्पक्षता के साथ अपने मताधिकार का उपयोग करने की शपथ दिलाई। कार्यक्रम में अपर कलेक्टर बीरेंद्र लकड़ा एवं डिप्टी कलेक्टर व उप जिला निर्वाचन अधिकारी सुश्री कावेरी मरकाम द्वारा विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के अंतर्गत उत्कृष्ट कार्य करने वाले सक्ती, चन्द्रपुर एवं जैजैपुर विधानसभा क्षेत्रों के बीएलओ को प्रशस्ति पत्र एवं बैज लगाकर सम्मानित किया गया। साथ ही उपस्थित नवीन मतदाताओं को भी बैज लगाकर उनका उत्साहवर्धन करते हुए सम्मानित किया गया। इसके अतिरिक्त नए मतदाताओं को ईपिक कार्ड प्रदान कर सम्मानित किया गया। मतदाता जागरूकता से संबंधित नुक्कड़ नाटक एवं रंगोली छात्र-छात्राओं द्वारा प्रस्तुत किए गए, जिनकी उत्कृष्ट प्रस्तुति हेतु उन्हें प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया। इस अवसर पर डिप्टी कलेक्टर व उप जिला निर्वाचन अधिकारी सुश्री कावेरी मरकाम, एसडीएम श्री अरुण कुमार सोम, निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, निर्वाचन कार्यालय के श्री राधेश्याम साहू, बीएलओ, महाविद्यालय के सहायक प्राध्यापक, छात्र-छात्राएं सहित अन्य संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।


