हर घर तिरंगा अभियान : बिहान दीदियों की तिरंगा रैली में गूंजा देशभक्ति का संदेश


जेठा – देश की आजादी की 79 वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में मनाए जा रहे आजादी का अमृत महोत्सव के तहत सक्ती जिले में हर घर तिरंगा अभियान का भव्य आयोजन किया जा रहा है। कलेक्टर अमृत विकास तोपनो और जिला पंचायत सीईओ वासु जैन के आह्वान पर राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (बिहान) समूह की दीदियों ने इस राष्ट्रीय अभियान में बढ़-चढ़कर भागीदारी सुनिश्चित की है। जिले में 2 अगस्त से 15 अगस्त तक चलने वाले इस हर घर तिरंगा अभियान के तहत सक्ती ब्लॉक अंतर्गत ग्राम पंचायत जेठा में बिहान की दीदियों द्वारा तिरंगा रैली निकाल कर लोगों को जागरूक किया गया। इस अवसर पर उन्होंने जिलेवासियों और ग्रामवासियों को अभियान में उत्साहपूर्वक शामिल होने का संदेश दिया। यह अभियान केवल ध्वज फहराने तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका उद्देश्य देश प्रेम, राष्ट्रीय गौरव और नागरिक जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करना है। बिहान स्व सहायता समूह की दीदियों ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ मिलकर तिरंगा रैली निकाल कर देशभक्ति की भावना का परिचय दिया। उन्होंने जोर दिया कि तिरंगा केवल एक ध्वज नहीं, बल्कि हमारी आजादी का प्रतीक है, जिसे हर घर पर फहराकर हम अपने देश के प्रति कृतज्ञता और समर्पण व्यक्त कर सकते हैं। बिहान समूह की दीदियों ने हर घर तिरंगा अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया है, ताकि अधिक से अधिक लोग इस राष्ट्रीय पर्व का हिस्सा बन सकें।