1200 रुपये के पुराने विवाद में होटल संचालक से मारपीट, संचालक समेत चार पर केस दर्ज

चंद्रपुर बस स्टैंड के पास की घटना; डायरी में हिसाब देखने की बात कहने पर भड़के आरोपी, जान से मारने की धमकी भी दी
सक्ती – पुराने बकाया पैसों के लेन-देन को लेकर हुए विवाद में एक होटल संचालक के साथ गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर चंद्रपुर थाना पुलिस ने दूसरे होटल के संचालक और उसके तीन कर्मचारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर मामले की जाँच शुरू कर दी है।
डायरी में हिसाब चेक करने की बात पर भड़का विवाद
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मूल रूप से दहिसर ईस्ट (मुंबई) निवासी और वर्तमान में चंद्रपुर बस स्टैंड के पास ‘महाराजा होटल’ का संचालन करने वाले बच्चन जायसवाल (44) ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। शिकायत के मुताबिक, शनिवार 21 नवंबर 2026 की रात वे रोज की तरह अपनी दुकान बंद कर बगल में स्थित ‘केशरवानी पान ठेला’ पर पान खाने जा रहे थे।
इसी दौरान पास के ‘अन्नपूर्णा होटल’ में काम करने वाला कर्मचारी विनोद (30) वहां आया और 4-5 साल पुराने 1200 रुपये बकाया होने की बात कहकर तुरंत पैसे मांगने लगा। जब बच्चन जायसवाल ने अपनी डायरी में हिसाब देखकर पैसे लौटाने की बात कही, तो आरोपी विनोद भड़क गया और कॉलर पकड़कर गाली-गलौज करते हुए हाथ-मुक्कों से मारपीट शुरू कर दी।
संचालक व अन्य साथियों ने भी मिलकर पीटा
आरोप है कि शोर सुनकर कुछ ही देर में अन्नपूर्णा होटल के संचालक विनोद साहू (37) और वहां काम करने वाले दो अन्य कर्मचारी संजू (22) व देवांगन (27) भी मौके पर पहुंच गए। चारों ने मिलकर पीड़ित के साथ गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी देते हुए जमकर मारपीट की। इस हमले में बच्चन जायसवाल के सिर, गाल, नाक और सीने में चोटें आई हैं। मौके पर मौजूद शिवादास वैष्णव, रघुवीर दास और वैष्णव साहेब जायसवाल ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया।
चार आरोपियों के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध
पीड़ित की मौखिक रिपोर्ट पर चंद्रपुर पुलिस ने शनिवार रात आरोपी विनोद, विनोद साहू, संजू और देवांगन के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 की धारा 115(2), 296, 351(3) और 3(5) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर लिया है। मामले की विवेचना सब-इंस्पेक्टर राहुल बाजपेयी द्वारा की जा रही है।
