खरसिया में 29 दिसंबर को होगा श्री रानी सती दादी जी का भव्य महामंगल पाठ; 701 महिलाएं करेंगी सामूहिक पाठ


सक्ती – धर्मनगरी खरसिया में आगामी 29 दिसंबर 2026 को आस्था और भक्ति का भव्य संगम देखने को मिलेगा। महिला जागरण मंडल, खरसिया के तत्वावधान में स्थानीय कन्या विवाह भवन में ‘श्री रानी सती दादी जी के महामंगल पाठ’ का विशाल आयोजन किया जा रहा है। दोपहर 1:00 बजे से प्रारंभ होने वाले इस धार्मिक अनुष्ठान में 701 दादी भक्त महिलाएं एक साथ बैठकर सामूहिक मंगल पाठ करेंगी।
प्रसिद्ध गायिका देविका बाजोरिया देंगी प्रस्तुति
आयोजन समिति की सदस्यों ने विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि इस महामंगल पाठ को संगीतमय बनाने के लिए कोलकाता की सुप्रसिद्ध मंगल पाठ गायिका देविका बाजोरिया को विशेष रूप से आमंत्रित किया गया है। वे अपनी सुमधुर वाणी और भजनों के माध्यम से दादी जी की महिमा का गुणगान करेंगी और संपूर्ण पाठ विधि-विधान से संपन्न कराएंगी।
नृत्य नाटिकाएं होंगी आकर्षण का केंद्र
कार्यक्रम के दौरान दादी जी के जीवन चरित्र और लीलाओं पर आधारित मनमोहक नृत्य नाटिकाओं का मंचन भी किया जाएगा, जो श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगा। आयोजन की भव्यता को देखते हुए महिला जागरण मंडल की सभी सदस्य जोर-शोर से तैयारियों में जुटी हुई हैं।
दो राज्यों से जुटेंगी दादी भक्त
इस महामंगल पाठ में खरसिया नगर सहित पूरे छत्तीसगढ़ और पड़ोसी राज्य ओडिशा से भी बड़ी संख्या में दादी भक्त महिलाएं शामिल होंगी। आयोजक मंडल ने सभी धर्मप्रेमी बंधुओं और मातृशक्ति से अधिक से अधिक संख्या में पधारकर इस पुण्य लाभ को प्राप्त करने का आग्रह किया है।
