टार्च की रोशनी में जुआ खेलते 4 जुआरी रंगे हाथों गिरफ्तार, 8200 रुपये नकद जब्त

सक्ती – जिले के जैजैपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम करौंवाडीह में पुलिस ने जुआ खेलने वालों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने दबिश देकर टार्च की रोशनी में 52 पत्ती ताश से रुपये-पैसे का दांव लगाकर जुआ खेल रहे चार आरोपियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
क्या है पूरा मामला
जानकारी के अनुसार, 21 नवंबर की रात जैजैपुर थाना प्रभारी निरीक्षक राकेश राठौर अपनी टीम (प्रशिक्षु उपनिरीक्षक तेजेन्द्र कुमार सिन्हा व अन्य पुलिसकर्मी) के साथ क्षेत्र में रात्रि गश्त एवं अपराध पतासाजी के लिए निकले थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम करौंवाडीह स्थित लीलाधर साहू के घर के पास सार्वजनिक स्थान पर कुछ लोग टार्च की रोशनी में जुआ खेल रहे हैं।
घेराबंदी कर पुलिस ने की कार्रवाई
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने गवाहों के साथ मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और रेड कार्रवाई को अंजाम दिया। पुलिस को आता देख कुछ जुआरी अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकले, लेकिन चार आरोपियों को मौके से दबोच लिया गया।
पकड़े गए आरोपियों के नाम और जब्त राशि:
1. ओमप्रकाश साहू (उम्र 46 वर्ष, निवासी हसौद) – कुल 3,200 रुपये (फड़ से 3000, पास से 200)
2. राजतिलक बंजारे (उम्र 30 वर्ष, निवासी मालखरौदा) – कुल 2,600 रुपये (फड़ से 2500, पास से 100)
3. मन्नू लाल सिदार (उम्र 40 वर्ष, निवासी करौंवाडीह) – कुल 1,200 रुपये (फड़ से 1000, पास से 200)
4. देव कुमार सतनामी (उम्र 32 वर्ष, निवासी करौंवाडीह) – कुल 1,200 रुपये (फड़ से 1050, पास से 150)
पुलिस की कार्रवाई
पुलिस ने आरोपियों के फड़ और पास से कुल 8,200 रुपये नकद, 52 पत्ती ताश, एक पुरानी चटाई और एक टार्च जब्त किया है। सभी आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम 2022 की धारा 3(2) के तहत अपराध दर्ज किया गया है। मामला जमानतीय होने के कारण सक्षम जमानतदार पेश करने पर आरोपियों को जमानत मुचलके पर रिहा कर दिया गया।
