सार्वजनिक स्थान पर खुलेआम शराब पीता युवक गिरफ्तार, देशी मदिरा जब्त

सक्ती – सार्वजनिक स्थान पर शराब सेवन करने वालों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सक्ती पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक युवक को रंगे हाथों पकड़ा है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से देशी प्लेन मदिरा, पानी पाउच और डिस्पोजल गिलास जब्त कर आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस की दबिश
शनिवार, 21 नवंबर 2026 को सक्ती पुलिस की टीम रात्रि गश्त पर निकली थी। इसी दौरान रात मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम डिक्सी पुल के पास मेनरोड पर एक व्यक्ति खुलेआम बैठकर शराब पी रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने गवाहों के साथ मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और युवक को धर दबोचा।
आरोपी की पहचान और बरामद सामान
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम चंद्रिका प्रसाद सिदार (उम्र 35 वर्ष), निवासी ग्राम डिक्सी, थाना सक्ती बताया। पुलिस ने मौके से 110 रुपये कीमती देशी प्लेन मदिरा (एक सीलबंद 180 एमएल की शीशी और एक अन्य शीशी में करीब 50 एमएल शराब), एक खाली शीशी, शराब की गंध युक्त तीन खाली डिस्पोजल गिलास और तीन पानी पाउच जब्त किए हैं।
आबकारी एक्ट की धारा 36 (च) के तहत कार्रवाई
रात्रि समय में डॉक्टर उपलब्ध न होने के कारण पुलिस ने गवाहों के समक्ष विधिवत शराब सेवन पंचनामा तैयार किया। आरोपी के विरुद्ध छत्तीसगढ़ आबकारी (संशोधन) अधिनियम 2002 की धारा 36 (च) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है। प्रकरण जमानती होने के कारण आरोपी को सक्षम जमानतदार पेश करने पर मौके से ही जमानत मुचलके पर रिहा कर मामले को विवेचना में लिया गया है।
